घर-घर घूम रहे ‘सोना चमकाने वाले’ बन रहे हैं गहनों के दुश्मन, केमिकल से घटा रहे वजन
पहाड़ी क्षेत्रों में सोना-चांदी साफ करने के नाम पर ठगी का नया तरीका सामने आया है। घर-घर घूमने वाले फेरीवाले खतरनाक केमिकल से गहनों की चमक बढ़ाकर उनका वजन घटा रहे हैं। विशेषज्ञों ने सावधान रहने की चेतावनी दी है।
Gold Cleaning Scam News । पहाड़ी इलाकों में इन दिनों सोना-चांदी साफ करने के नाम पर ठगी का एक खतरनाक खेल चल रहा है। घर-घर घूमने वाले फेरीवाले ‘चमक’ का लालच देकर महिलाओं और बुजुर्गों के कीमती गहनों का वजन चुपचाप कम कर रहे हैं। विशेषज्ञों की मानें तो यह चमक असल में मेहनत की कमाई को गलाने की चाल है।
केमिकल से गल रहा सोना, बाहर से दिखती है चमक
आभूषण विशेषज्ञों के अनुसार ठग खुद को ज्वेलरी पॉलिशिंग एक्सपर्ट बताकर अक्वा रेजिया (Aqua Regia) और नाइट्रिक एसिड जैसे खतरनाक रसायनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन केमिकल्स में सोने की ऊपरी परत घुल जाती है। गहना देखने में नया और चमकदार लगता है, लेकिन उसका वास्तविक वजन काफी घट चुका होता है।
उदाहरण के तौर पर, 6 ग्राम की चेन सफाई के बाद सिर्फ 4 ग्राम की रह जाती है।
पहाड़ी क्षेत्रों में आसान शिकार बन रहे लोग
शहरों से दूरी और बाजार तक सीमित पहुंच का फायदा ये शातिर गिरोह उठा रहे हैं। इनकी बातचीत इतनी विश्वसनीय होती है कि ग्रामीण आसानी से इनके झांसे में आ जाते हैं। ठग दावा करते हैं कि वजन एक रत्ती भी कम नहीं होगा, लेकिन जब तक सच्चाई सामने आती है, तब तक वे इलाके से फरार हो चुके होते हैं।
विशेषज्ञों की चेतावनी: पक्की दुकान ही है सुरक्षा
स्थानीय आभूषण विक्रेताओं का साफ कहना है कि ज्वेलरी की सुरक्षा के लिए केवल दो ही सुरक्षित उपाय हैं—
- पंजीकृत ज्वेलर्स से ही सफाई कराएं: भरोसेमंद दुकानदार अपनी साख के कारण किसी भी तरह की धोखाधड़ी नहीं करते।
- फेरीवालों से पूरी दूरी रखें: किसी भी अनजान व्यक्ति को सोना या चांदी सौंपना भारी नुकसान का कारण बन सकता है।
सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव
स्थानीय प्रशासन और जागरूक नागरिकों ने अपील की है कि अगर किसी गांव या मोहल्ले में कोई अनजान व्यक्ति सोना साफ करने का दावा करते हुए दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस या ग्राम प्रधान को दें। घर की महिलाओं और बुजुर्गों को इस केमिकल ठगी के बारे में जरूर जागरूक करें, ताकि वे अपनी गाढ़ी कमाई सुरक्षित रख सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0