हरदोई : सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

Jun 20, 2026 - 18:36
Jun 20, 2026 - 19:32
 0  8
हरदोई : सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

हरदोई , अचल वार्ता । तहसील सवायजपुर में शनिवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनसुनवाई कर विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए।

समाधान दिवस में प्राप्त अवैध कब्जों की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं लेखपालों को निर्देशित किया कि सरकारी तथा गरीबों की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के सहयोग से तत्काल हटाया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग विशेष सतर्कता बरतें।

विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने तथा जर्जर विद्युत लाइनों के नवीनीकरण के लिए भी कहा।

निराश्रित, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन पात्र लाभार्थियों की पेंशन किसी कारणवश बंद हो गई है, उनका सत्यापन कराकर शीघ्र पुनः बहाल कराया जाए। राशन वितरण में अनियमितताओं की शिकायतों पर उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि लापरवाही बरतने वाले कोटेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में समाज कल्याण, पूर्ति, प्रोबेशन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, कृषि सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित गश्त करने, बीट सिपाहियों एवं चौकीदारों से क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने तथा अवैध कब्जों को हटाने में राजस्व विभाग की टीम का सहयोग करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में प्रभागीय निदेशक जे.बी. शैडे, उपजिलाधिकारी सवायजपुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भावनाथ पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0