सोनीपत: निफ्टेम के विद्यार्थियों ने अकबरपुर बरोटा गांव में चलाया नौ दिवसीय जागरूकता अभियान
सोनीपत, अचल वार्ता। निफ्टेम यूनिवर्सिटी के 20 विद्यार्थियों एवं चार संकाय सदस्यों ने विलेज एडॉप्शन प्रोग्राम (वीएपी-2026) के तहत 18 से 26 नवंबर तक अकबरपुर बरोटा गांव में नौ दिवसीय जनजागरूकता एवं ग्रामीण विकास अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक एवं विकासात्मक विषयों के प्रति जागरूक करने के साथ विद्यार्थियों को ग्रामीण जीवन एवं सामाजिक जिम्मेदारियों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन यूनिवर्सिटी के डीन डॉ. विजय गहलावत, डॉ. नीरज, डॉ. रंजना एवं सचिन कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थी प्रतिदिन यूनिवर्सिटी से गांव पहुंचते और गांव स्थित आर्य समाज मंदिर में एकत्रित होकर दिनभर की गतिविधियों की योजना बनाते थे। इसके बाद विद्यार्थियों को अलग-अलग समूहों में विभाजित कर गांव के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने के लिए भेजा जाता था।
अभियान के तहत गांव के विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें शिक्षा एवं रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई। वहीं, किसानों को आधुनिक खेती के तरीकों, उन्नत कृषि तकनीकों और नई मशीनरी के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिलाओं को स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के गठन, उनके महत्व एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई। इसके अलावा, गांव के दुकानदारों एवं खाद्य सामग्री विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के लाइसेंस के महत्व तथा आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों ने विक्रेताओं को लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया में भी सहयोग दिया।
नौ दिवसीय इस अभियान के माध्यम से निफ्टेम के विद्यार्थियों ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तिकरण एवं खाद्य सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाने का सराहनीय प्रयास किया। यूनिवर्सिटी की यह पहल ग्रामीण विकास को गति देने के साथ विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर सामाजिक सरोकारों और ग्रामीण जीवन की वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण साबित हुई।
कार्यक्रम में राई की विधायक श्रीमती कृष्णा गहलावत का सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वहीं, गांव की ओर से सरपंच संजय चौहान, पूर्व सरपंच देवराज, पूर्व सरपंच बलदेव, राजेश दहिया एवं राकेश ओढ़ ने भी अभियान के सफल आयोजन में सहयोग दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0