स्मार्ट आंगनबाड़ी कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सोनीपत की टॉप-18 आंगनबाड़ी वर्कर्स सम्मानित : एडीसी अजय चोपड़ा

Nov 23, 2026 - 14:38
Nov 23, 2026 - 14:55
 0  1
स्मार्ट आंगनबाड़ी कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सोनीपत की टॉप-18 आंगनबाड़ी वर्कर्स सम्मानित : एडीसी अजय चोपड़ा
सोनीपत , अचल वार्ता। अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने कहा कि आंगनबाड़ी वर्कर्स बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ने और उनमें सीखने की रुचि विकसित करने के लिए आंगनबाड़ी वर्कर्स का समर्पण सराहनीय है। वे सोमवार को स्मार्ट आंगनबाड़ी कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली सोनीपत जिले की टॉप-18 आंगनबाड़ी वर्कर्स को सम्मानित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा और जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रवीण कुमारी ने रॉकेट लर्निंग टीम की उपस्थिति में सभी 18 आंगनबाड़ी वर्कर्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि स्मार्ट आंगनबाड़ी कार्यक्रम के तहत वर्कर्स प्रतिदिन बच्चों को विभिन्न शिक्षण गतिविधियों के माध्यम से सीखने के अवसर प्रदान कर रही हैं। इससे बच्चों में सीखने की रुचि विकसित होने के साथ-साथ वे स्कूल शिक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्कर्स की मेहनत और निरंतर प्रयासों से बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है।
उन्होंने सभी सम्मानित वर्कर्स को बधाई देते हुए कहा कि उनका कार्य अन्य आंगनबाड़ी वर्कर्स के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी वर्कर्स से इसी उत्साह, लगन और समर्पण के साथ कार्य करते हुए बच्चों की शिक्षा एवं पोषण के स्तर को बेहतर बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रवीण कुमारी सहित रॉकेट लर्निंग टीम से कार्यक्रम प्रबंधक रीतेश कुमारी, जिला समन्वयक कोमल और वंशिका उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0