वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सभी विभाग गंभीरता से करें कार्य, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई - डीसी नेहा सिंह

Nov 23, 2026 - 14:41
Nov 23, 2026 - 14:56
 0  1
वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सभी विभाग गंभीरता से करें कार्य, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई - डीसी नेहा सिंह
सोनीपत , अचल वार्ता । सर्दियों में वायु प्रदूषण नियंत्रण एवं वर्ष 2027 के लिए दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर तैयार किए जाने वाले वार्षिक एक्शन प्लान के संबंध में सोमवार को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के सदस्य सचिव श्री तरुण कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंस (वीसी)के माध्यम से एनसीआर के सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ बैठक की। बैठक में सर्दियों के मौसम में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए किए जाने वाले प्रमुख कार्यों और एक्शन प्लान पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उन्होंने सभी जिला उपायुक्तों से एक-एक कर उनके जिलों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वीसी के उपरांत उपायुक्त नेहा सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए सभी विभाग नियमित रूप से मॉनिटरिंग एवं सर्विलेंस सुनिश्चित करें। कुंडली, बड़ी और खरखौदा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। अपशिष्ट और बायोमास जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभागों की टीमें दिन और रात लगातार फील्ड में निरीक्षण करें। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अधिक से अधिक चालान किए जाएं।
उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि जिला में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन की ओर से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में लगातार अंतर-विभागीय बैठकें आयोजित कर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। जिले में एंटी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर का उपयोग किया जा रहा है तथा सड़कों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जा रही है। सोनीपत शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा कुंडली, बड़ी और खरखौदा सहित औद्योगिक क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ औचक निरीक्षण भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ढाबा संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं तथा नियमों का पालन न करने वाले ढाबा संचालकों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। अवैध रूप से संचालित औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ भी जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी औद्योगिक इकाइयों को निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एंटी स्मॉग गन एवं वाटर स्प्रिंकलर के इस्तेमाल और सड़कों की सफाई का कार्य निरंतर जारी रखा जाए। सभी विभाग अपने-अपने एक्शन प्लान के अनुसार कार्य करें। अगले सप्ताह दोबारा बैठक आयोजित कर विभागवार कार्यों की समीक्षा की जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने एमसी गन्नौर, गोहाना और कुंडली क्षेत्र के संबंधित अधिकारियों को विशेष रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि वे वायु प्रदूषण नियंत्रण को गंभीरता से लें। अपशिष्ट जलने वाली गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाते हुए उल्लंघन करने वालों के चालान किए जाएं। विभागीय टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय रहें और हॉटस्पॉट क्षेत्रों की नियमित निगरानी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायु प्रदूषण नियंत्रण के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 
इस मौके पर आरओ अजय मलिक, डीडीपीओ मनीष मलिक, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन प्रशांत कौशिक, पब्लिक हेल्थ एक्सईएन गौतम कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0