सोनीपत: प्रधान सचिव डी. सुरेश ने वीसी के माध्यम से सभी उपायुक्तों के साथ की बैठक
सोनीपत , अचल वार्ता। प्रधान सचिव डी. सुरेश ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम से संबंधित शिकायतों एवं उनके समाधान को लेकर बैठक की। उपायुक्त नेहा सिंह ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिले के संबंधित अधिकारियों के साथ जनसंवाद से जुड़ी शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में जनसंवाद, समग्र विकास कार्यों तथा जिलावार विशेष मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रधान सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसंवाद के दौरान प्राप्त प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच की जाए और समस्या के मूल कारण की जानकारी हासिल करने के बाद ही उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधीनस्थ कर्मचारियों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर शिकायतों को महज औपचारिकता के तौर पर अस्वीकार न किया जाए। शिकायतों के समाधान के साथ-साथ स्पष्ट फोटो एवं आवश्यक दस्तावेजों के माध्यम से कार्य का उचित दस्तावेजीकरण भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनसंवाद से संबंधित शिकायतों की निरंतर निगरानी की जानी चाहिए तथा संबंधित पोर्टल को नियमित रूप से अपडेट रखा जाए। शिकायतों की एक सप्ताह अथवा अधिकतम दो सप्ताह के अंतराल पर समीक्षा की जाए, ताकि लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर के दौरान सभी संबंधित अधिकारी पूरे समय उपस्थित रहें और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर मौके पर ही समाधान का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है और यदि किसी कारणवश उपायुक्त उपस्थित नहीं हो पाते हैं तो अतिरिक्त उपायुक्त की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि शिकायतों का बार-बार दोहराव होता है तो इससे शिकायतकर्ता का प्रशासन के प्रति विश्वास और उत्साह प्रभावित होता है। इसलिए केवल शिकायत का निपटारा दिखाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि गुणात्मक एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उपायुक्त नेहा सिंह ने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसंवाद से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसंवाद से संबंधित सभी लंबित शिकायतों को न्यूनतम स्तर पर लाने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निपटारे में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक शिकायत की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।
प्रधान सचिव ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि मौके पर जाकर निरीक्षण करें और लोगों के बीच समय बिताकर उनकी समस्याओं को समझें। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर वास्तविक स्थिति की जानकारी के बाद ही प्रभावी एवं स्थायी समाधान संभव है।
उन्होंने सभी अधिकारियों को जनसंवाद से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निपटारे के साथ-साथ उनके गुणवत्तापूर्ण समाधान की भी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसीपी अमित कुमार, डीडीपीओ मनीष मलिक,तहसीलदार सोनीपत कीर्ति, तहसीलदार खरखोदा बिजेंदर, तहसीलदार गन्नौर, तहसीलदार गोहाना, बीडीपीओ राजेश टीवाना, व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0