सोनीपत , अचल वार्ता । शनिवार को आयुष विभाग द्वारा सिविल अस्पताल सोनीपत तथा विभिन्न स्कूलों में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में आमजन एवं विद्यार्थियों को योग के महत्व से अवगत करवाया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि सिविल अस्पताल में आयोजित योग कार्यक्रम के दौरान योग सहायकों द्वारा अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों एवं उनके परिजनों को उनकी सुविधा के अनुसार विभिन्न योग क्रियाएं करवाई गईं। योग सहायकों ने प्रतिभागियों को योगाभ्यास के दौरान आवश्यक सावधानियों की जानकारी देते हुए नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया।
इसी प्रकार विभिन्न स्कूलों में भी विद्यार्थियों के लिए योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। योग सहायकों ने विद्यार्थियों को विभिन्न योग क्रियाओं एवं अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया और उन्हें नियमित योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का संदेश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि योग हमारी प्राचीन जीवन पद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने में सहायक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बचपन से ही योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने से उनमें अच्छी आदतों का विकास होता है। वहीं अस्पतालों में मरीजों एवं उनके परिजनों को योग के प्रति जागरूक करने से उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल एक दिन योग करवाना नहीं, बल्कि लोगों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का नियमित हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है। आयुष विभाग द्वारा आगे भी विभिन्न स्थानों पर योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।