मिशन एजुकेशन का मतलब पढ़ा-लिखा हो हर बच्चा : महात्मा विद्युतानंद

Aug 8, 2026 - 18:01
Aug 8, 2026 - 19:53
 0  2
मिशन एजुकेशन का मतलब पढ़ा-लिखा हो हर बच्चा : महात्मा विद्युतानंद

हरदोई , अचल वार्ता। मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से संचालित मिशन एजुकेशन के तहत पूज्य माता अमृता रावत के जन्मदिन के उपलक्ष्य में विकासखंड कोथावां के ग्राम ढाकिया कला स्थित प्राथमिक विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कक्षा एक से पांच तक के 52 बच्चों को निशुल्क लेखन सामग्री वितरित की गई। प्रत्येक बच्चे को एक पेन, एक पेंसिल, एक रबर, एक कटर और दो कॉपियां दी गईं।

मिशन एजुकेशन के जिला प्रभारी शिवम गुप्ता ने बच्चों को अभियान के उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिशन एजुकेशन का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें आगे बढ़ने में सहयोग देना है। अभियान के तहत विभिन्न इंटर कॉलेजों में बॉक्स लगाए जाते हैं, जिनमें विद्यार्थी नई कॉपी, पेन, पेंसिल, रबर, कटर आदि लेखन सामग्री दान करते हैं। इसके बाद यही सामग्री जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाई जाती है।

महात्मा विद्युतानंद ने कहा कि मानव उत्थान सेवा समिति अखिल भारतीय स्तर पर पंजीकृत संस्था है, जो सामाजिक कल्याण के लिए कार्य कर रही है। समिति के संस्थापक  सतपाल जी महाराज हैं। संस्था का आदर्श वाक्य ‘एक राष्ट्र, एक ध्वज, एक भावना’ है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में मिशन एजुकेशन की पहल  विभू जी महाराज ने शुरू की थी।

उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से वे डॉक्टर, इंजीनियर और देश के सिपाही बनकर राष्ट्र की सेवा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और आध्यात्मिक ज्ञान भी जरूरी है। भौतिक ज्ञान के साथ संस्कार और आध्यात्मिक ज्ञान ही मनुष्य को महान बनाते हैं।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक सचिन कुमार मौर्या ने संस्था के संस्थापक सतपाल महाराज, हंस योग आश्रम हरदोई के प्रभारी महात्मा विद्युतानंद, मिशन एजुकेशन के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर शिवम गुप्ता एवं उनके सहयोगियों का आभार जताया।

कार्यक्रम में पंकज मौर्या, बिनोद, विजय कुमार मौर्या, कैलाश बिहारीलाल, सुमन देवी, पप्पी देवी, सक्षम वैश्य आदि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0