लखीमपुर खीरी : आज लगेगा 92.08 लाख पौधों का हरित महायज्ञ
हरियाली का संदेश लेकर निकला ‘वृक्षारोपण महायज्ञ जागरूकता रथ’, नोडल ने किया रवाना ।
लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता । जनपद में रविवार को होने वाले प्रदेश के सबसे बड़े वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत जिले में एक ही दिन 92 लाख 8 हजार 800 पौधे रोपे जाएंगे। शनिवार को जनपदीय नोडल अधिकारी एवं गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस ने कलेक्ट्रेट के अटल सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक लेकर विभागवार तैयारियों की समीक्षा की और लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएफओ ने अभियान की रूपरेखा बताई। उन्होंने लक्ष्य क्षेत्र चयन, गड्ढा खुदाई, नर्सरी में पौधे की तैयारी पौध आपूर्ति क्रियान्वयन, नर्सरी वार उपलब्ध पौध का विवरण, वृक्षारोपण में प्रयुक्त प्रजातियां, कंट्रोल रूम एवं वार रूम की स्थापना एवं क्रियाशीलता, प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम की स्थापना पर विस्तृत जानकारी दी।
नोडल अधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियो से एक-एक कर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी स्वयं भी एक पौधा अवश्य लगाए तथा सुबह से शाम तक अभियान की निगरानी करते हुए लक्ष्य पूरा कराएं। जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। डीपीओ को गर्भवती महिलाओं एवं कुपोषित बच्चों के घरों पर सहजन के पौधे लगवाने के निर्देश दिए गए।
अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए सभी लोग पौधरोपण की फोटो निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करें। शासन द्वारा इसके लिए विशेष वेब प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है, जिससे जनसहभागिता का भी रिकॉर्ड तैयार होगा। बैठक के दौरान अधीनस्थो को निर्देश दिए कि शासनादेश के अनुसार शतप्रतिशत वृक्षारोपण किया जाना जरूरी है और इसी के चलते सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जायें।
अपलोड पौधरोपण की फोटो जन सहभागिता का साक्ष्य बनेगी : डीएम
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को उत्साह, उल्लास और उमंग के साथ जन अभियान के रूप में मनाया जाए। पौधरोपण के निर्धारित लक्ष्य को जनसहभागिता के माध्यम से शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अमृत सरोवरों पर भी देशभक्ति गीतों के साथ पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं।आम जन भारत सरकार के पोर्टल मेरी लाइफ पर रजिस्टर कर पौधरोपण को जियोटैग कर फोटो अपलोड करें। मोबाइल, टैबलेट और डेस्कटॉप के माध्यम से भी फोटो अपलोड करने की सुविधा है। फोटो को जियो टैग करने के लिए मोबाइल फोन का जीपीएस एनेबल करना होगा। आमजन के द्वारा अपलोड की पौधरोपण की फोटो जन सहभागिता का साक्ष्य बनेगी।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने वृक्षारोपण की तैयारियों पर जनपद स्तर पर की तैयारियों एवं उसकी समीक्षा की विस्तृत जानकारी दी। जिले में आयुष वन, ग्राम वन, नंदनवन, नवग्रह वाटिका सहित पौधरोपण के लिए किए गए विशेष प्रयासों का जिक्र किया। इस अवसर पर सीडीओ अभिषेक कुमार, डीएफओ दक्षिणी/डीएफओ उत्तरी, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
पौधरोपण अभियान में शामिल होंगे राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष
रविवार को जनपद में आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 "एक पेड़ मां के नाम" अभियान में शासन से नामित मुख्य अतिथि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष राजेश वर्मा एवं जिले की नोडल अधिकारी गन्ना आयुक्त श्रीमती मिनिस्ती एस, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, डीएम, एसपी, सीडीओ एवं जनसामान्य शामिल होकर ना केवल पौधरोपण करेंगे बल्कि अन्य लोगों को भी पौधरोपण के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
हरियाली का संदेश लेकर निकला ‘वृक्षारोपण महायज्ञ जागरूकता रथ’, नोडल ने किया रवाना
जनपदीय नोडल अधिकारी एवं गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस ने डीएम अंजनी कुमार सिंह, सीडीओ अभिषेक कुमार, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह और डीएफओ तापस मिहिर के साथ
‘वृक्षारोपण महायज्ञ जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। जिला प्रशासन और पर्यावरण मित्र समूह की संयुक्त पहल से तैयार यह विशेष जागरूकता रथ जनपद के गांव-गांव और नगर क्षेत्रों में भ्रमण कर "एक पेड़ मां के नाम" जन अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का संदेश देगा। रथ के माध्यम से पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण और पौधों के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
विभागवार पौधरोपित किए जाने का लक्ष्य एक नजर में
बैठक में डीएफओ तापस मिहिर ने बताया कि 12 जुलाई को रोपित किए जाने वाले पौधों का लक्ष्य की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद को 92 लाख 8 हजार 800 पौध पौधे रोपित किये जाने का लक्ष्य आवंटित किया गया है। वन विभाग में दक्षिण खीरी वन प्रभाग 13 लाख एवं उत्तर खीरी वन प्रभाग 14.45 लाख सहित कुल 27,45,000 रहा। पर्यावरण 2.88 लाख, ग्राम्य विकास 33.26 लाख, राजस्व 3.33 लाख, रक्षा 11,000, पंचायतीराज 4.07 लाख, उद्योग 20,100, औद्योगिक विकास 19,400, नगर विकास 61,800, लोक निर्माण 26,000, सिंचाई (जल शक्ति विभाग) 28,000, नमामि गंगे 14,000, रेशम विभाग 33,000, कृषि 10.85 लाख, पशुपालन 35,000, सहकारिता 21,600, विद्युत (ऊर्जा विभाग) 21,600, माध्यमिक शिक्षा 36,000, बेसिक शिक्षा 41,000, प्राविधिक शिक्षा 11,000 एवं उच्च शिक्षा 44,200 पौध है। इसी क्रम में श्रम विभाग 5,400, स्वास्थ्य विभाग 35,000, परिवहन विभाग 4,000, रेलवे विभाग 28,000, आवास विकास विभाग 10,900, उद्यान विभाग 5,01,000 तथा पुलिस विभाग (गृह विभाग) 16,800 पोध रोपित किए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0