लखीमपुर खीरी : वर्ष 2000 के चुनाव का बकाया, अब निर्वाचन कार्यालय पर कुर्की की कार्रवाई
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। न्यायालय के आदेश पर जिला निर्वाचन कार्यालय को सीज कर वहां मौजूद संपत्तियों को कुर्क करने की बड़ी कार्रवाई की गई है। कुर्क अमीन ने कार्यालय में रखे कंप्यूटर, एसी समेत अन्य सामानों की सूची तैयार कर अदालत को सौंप दी है। इसके अलावा, मामले में जिलाधिकारी (डीएम) और अपर जिलाधिकारी (एडीएम) की सरकारी गाड़ियों को भी कुर्क करने का आदेश जारी किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद वर्ष 2000 में हुए चुनाव के दौरान पंजाब टेंट हाउस को दिए गए टेंडर से जुड़ा है। कार्य पूरा होने के बाद भी भुगतान न मिलने पर वादी ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था।
वादी पक्ष के अधिवक्ता राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि जिला निर्वाचन विभाग पर टेंट हाउस का लगभग एक करोड़ 80 लाख रुपये बकाया है। इसी मामले में सुनवाई करते हुए सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत ने 14 सितंबर 2026 को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) से डीएम और एडीएम की गाड़ियों की मूल्यांकन रिपोर्ट मांगी थी।
अदालत के सख्त रुख और आदेश के अनुपालन में कुर्क अमीन द्वारा निर्वाचन कार्यालय की चल संपत्तियों को सीज कर सूची तैयार कर ली गई है। करीब 26 साल पुराने इस बकाए और अदालती कुर्की की कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है, वहीं सभी की निगाहें अब आगे की कानूनी प्रक्रिया पर टिकी हैं।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0