जैविक खेती परियोजना को प्रभावी ढंग से संचालित कर कृषकों को अधिकाधिक लाभ दिलाएं : मुख्य विकास अधिकारी
हरदोई , अचल वार्ता। मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जैविक खेती परियोजना की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में परियोजना की प्रगति, कृषकों की सहभागिता, जैविक फसलों के उत्पादन, प्रशिक्षण तथा जैविक निवेशों की उपलब्धता की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि बिलग्राम, माधौगंज एवं मल्लावां विकासखंडों के 19 राजस्व ग्रामों में जैविक खेती परियोजना संचालित है। इसके तहत 1,690 कृषक जुड़े हैं तथा करीब एक हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में 50 क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। कृषकों को जैविक खेती की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण देने के साथ एक्सपोजर विजिट भी कराई जा रही है।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि जैविक खेती को केवल उत्पादन तक सीमित न रखते हुए उत्पादों की गुणवत्ता, प्रमाणन, विपणन और किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। जीवामृत, घनजीवामृत, बीजामृत, पंचगव्य एवं नीमास्त्र जैसे जैविक निवेशों की तैयारी में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का पालन सुनिश्चित करने तथा किसानों को इनके सही उपयोग का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
उन्होंने परियोजना की गतिविधियों का नियमित स्थलीय सत्यापन, किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान तथा अधिकाधिक कृषकों को जैविक खेती से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि जैविक खेती पर्यावरण संरक्षण, मृदा की उर्वरता बनाए रखने और किसानों की आय बढ़ाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
बैठक में उपनिदेशक कृषि डॉ. राजेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्र, परियोजना समन्वयक डॉ. राजीव कुमार वर्मा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0