राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 2000 से अधिक बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल की दवा
हरदोई, अचल वार्ता। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (NDD) अभियान के तहत सोमवार को लखनऊ रोड स्थित सेंट जेम्स स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान स्कूल के 2000 से अधिक बच्चों ने कृमिनाशक दवा का सेवन किया।
इस अवसर पर डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि पेट में कृमि होने से बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। कृमि संक्रमण के कारण शरीर में खून की कमी (एनीमिया) सहित कई अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। बच्चों में एनीमिया होने पर पढ़ाई में पिछड़ने, थकान, आलस्य और चक्कर आने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ रहना स्वस्थ एवं सशक्त भावी पीढ़ी की नींव है। सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना और सभी को स्वस्थ जीवन जीने के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी लक्षित बच्चों एवं अभिभावकों से अभियान के तहत एल्बेंडाजोल की दवा का सेवन सुनिश्चित कराने की अपील की।
बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने और उनके पोषण स्तर में सुधार के उद्देश्य से 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को वर्ष में दो बार एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अभियान के दौरान अपने बच्चों को दवा का सेवन अवश्य कराएं।
डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान किसी कारणवश दवा खाने से वंचित रह जाने वाले बच्चों के लिए 14 अगस्त 2026 को मॉपअप राउंड आयोजित किया जाएगा। इसमें छूटे हुए बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान के तहत 3930 आंगनबाड़ी केंद्रों तथा 5445 सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों में 22 लाख 60 हजार से अधिक बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम में स्कूल के प्रिंसिपल फादर लैंसी सहित अन्य अध्यापकगण, RKSK जिला कोऑर्डिनेटर मोहम्मद एहसान, DCPM शिव कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0