एसआईआर कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करना सुनिश्चित करें अधिकारी : उपायुक्त नेहा सिंह
सोनीपत , अचल वार्ता। मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा ए. श्रीनिवास ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ एसआईआर-2026 (विशेष गहन पुनरीक्षण) एएसडीडी मतदाताओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने एक-एक करके सभी जिलों के उपायुक्तों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में एएसडीडी मतदाताओं से संबंधित प्रक्रिया तथा राष्ट्रीय मतदाता दिवस की तैयारियों सहित विभिन्न एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि जिला सोनीपत में 30 नवंबर तक एएसडीडी मतदाताओं के गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रह का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। बीएलओ के माध्यम से मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जा रहे हैं। इसके साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी एक बैठक आयोजित की जा चुकी है, ताकि एसआईआर प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।
उन्होंने बताया कि जिला में 211 ईएलसी (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब) पंजीकृत हैं और निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लिकेट) मतदाताओं से संबंधित प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित समय-सारणी के अनुसार 15 दिसंबर 2026 तक दावों एवं आपत्तियों के निपटान की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है, जबकि 22 दिसंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर से जुड़े सभी कार्य पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करना सुनिश्चित करें।
इस दौरान एडीसी अजय चोपड़ा, निर्वाचन तहसीलदार दिनेश शर्मा व सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0