हरदोई: थाना बघौली में बस परिचालक से अभद्रता पर सिपाही निलंबित

Jun 22, 2026 - 06:54
Jun 22, 2026 - 13:40
 0  2
हरदोई: थाना बघौली में बस परिचालक से अभद्रता पर सिपाही निलंबित

हरदोई, अचल वार्ता। थाना बघौली परिसर में बस परिचालक के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया है।

पुलिस विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 को परिवहन विभाग के पीटीओ द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक ऐसी बस पकड़ी गई जिसमें निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां भरी हुई थीं। कार्रवाई करते हुए बस को सीज कर चालक के माध्यम से थाना बघौली लाया गया।

बताया गया कि थाना परिसर में बस खड़ी करने को लेकर चालक और परिचालक की ओर से विरोध किया जा रहा था। इसी दौरान थाना बघौली पर तैनात मुख्य आरक्षी कृष्ण कुमार द्वारा बस परिचालक के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हरदोई ने तत्काल संज्ञान लिया और मुख्य आरक्षी कृष्ण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और घटना की जांच कराई जा रही है तथा पुलिस विभाग अनुशासनहीनता और आमजन के साथ अभद्र व्यवहार को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं करेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0