सोनीपत, अचल वार्ता। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं एमडीडी ऑफ इडियां के संयुक्त तत्वावधान में जिला एडीआर केन्द्र जिला न्यायालय परिसर में विभिन्न हितधारकों की जिला स्तरीय कन्वर्जेंस मीटिंग एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रचेता सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।
बाल विवाह की रोकथाम से संबंधित कानूनी एवं प्रशासनिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी
कार्यशाला में पुलिस, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पंचायती राज, जिला प्रशासन तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त एमडीडी ऑफ इंडिया की ओर से सुनीता, साहिल घंघास, रमन्ना देवी एवं सरिता तथा बाल कल्याण समिति की सदस्य संगीता गौड़ भी उपस्थित रहीं।
बाल विवाह की रोकथाम के कानूनी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर चर्चा
कार्यशाला के दौरान बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम, मॉडल प्रॉसीक्यूशन स्कीम-2022 से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। प्रतिभागियों को बाल विवाह की पहचान, संभावित बाल विवाह की सूचना समय पर देने, रोकथाम के लिए त्वरित कार्रवाई करने, पीड़ित बच्चों को आवश्यक सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराने तथा विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।
डॉ. राज सिंह सांगवान ने कहा कि बाल विवाह केवल सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के मौलिक अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सर्वांगीण विकास को प्रभावित करने वाली गंभीर समस्या है। इसकी रोकथाम के लिए संबंधित विभागों, पंचायतों, बाल कल्याण समितियों तथा सामाजिक संगठनों का आपसी समन्वय आवश्यक है। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों पर भी प्रकाश डाला।
अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने ली बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे न तो बाल विवाह करेंगे, न होने देंगे और न ही किसी भी रूप में इसे प्रोत्साहित करेंगे। साथ ही अपने कार्यक्षेत्र में बाल विवाह की संभावित घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करने तथा इसकी रोकथाम के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।
27 नवंबर को जिला के प्रत्येक गांव में होंगे जागरूकता कार्यक्रम
बैठक में आगामी 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर जिले के प्रत्येक गांव में बाल विवाह मुक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए संयुक्त रोडमैप तैयार किया गया। इन कार्यक्रमों का आयोजन संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच की अध्यक्षता में ग्राम सचिव के माध्यम से किया जाएगा।