विशेष लोक अदालत में 137 चेक बाउंस मामलों का निस्तारण, 88.33 लाख रुपये से अधिक के विवादों का हुआ समाधान
सोनीपत , अचल वार्ता । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, के नेतृत्व में जिला सोनीपत सहित उपमंडल गोहाना, गन्नौर एवं खरखौदा के न्यायालय परिसरों में चेक बाउंस (धारा 138 एन.आई. एक्ट) से संबंधित मामलों एवं अपीलों के निपटारे के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रचेता सिंह, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, की देखरेख में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर प्रचेता सिंह ने बताया कि विशेष लोक अदालत का उद्देश्य न्यायालयों में लंबित चेक बाउंस मामलों एवं संबंधित अपीलों का आपसी सहमति और समझौते के आधार पर त्वरित निपटारा करना था। लोक अदालत के दौरान पक्षकारों को आपसी बातचीत एवं सहमति के माध्यम से विवादों का समाधान करने का अवसर प्रदान किया गया।
विशेष लोक अदालत में कुल 137 मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया तथा लगभग 88,33,919 रुपये (88.33 लाख रुपये) की विवादित राशि से संबंधित मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान हुआ।
लोक अदालत के माध्यम से अनेक पक्षकारों को लंबे समय से चल रहे विवादों से राहत मिली और उनके मामलों का त्वरित एवं प्रभावी निपटारा संभव हुआ।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ने बताया कि लोक अदालत विवादों के निपटारे का सरल, सुलभ एवं प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए पक्षकारों को समय, धन एवं ऊर्जा की बचत होती है तथा आपसी सद्भाव बनाए रखने में भी सहायता मिलती है। लोक अदालत द्वारा पारित अवार्ड अंतिम होता है और सभी संबंधित पक्षकारों पर बाध्यकारी होता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ने आमजन से अपील की कि वे भविष्य में आयोजित होने वाली लोक अदालतों में अपने लंबित मामलों का आपसी सहमति से निपटारा करवाकर इस न्यायिक व्यवस्था का अधिकाधिक लाभ उठाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0