डीएम अनुनय झा ने छात्रावासों का किया आकस्मिक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
हरदोई , अचल वार्ता। जिलाधिकारी अनुनय झा ने मंगलवार को बावन रोड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक तथा जीआईसी परिसर में संचालित छात्रावासों का आकस्मिक निरीक्षण किया। राजकीय पॉलिटेक्निक के छात्रावास में अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रों से भोजन, साफ-सफाई, शौचालय, बिजली, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। छात्रावास की रसोई में गंदगी मिलने पर उन्होंने वार्डन अतुल श्रीवास्तव को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। प्रधानाचार्य कविता त्रिपाठी को छात्रावास की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं में सुधार न होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने छात्रों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता भी परखी और स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण में प्रकाश व्यवस्था में कमी मिलने पर तत्काल बल्ब व लाइट की समुचित व्यवस्था कराने को कहा। साथ ही खुले बिजली के तारों को ठीक कराने, खिड़कियों में जाली लगवाने तथा दरवाजों को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मूलभूत सुविधाओं के दुरुस्तीकरण एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने उसी परिसर में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने छात्रों से भोजन, सफाई, शौचालय, बिजली और पेयजल आदि के संबंध में जानकारी ली। छात्रावास की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं की नियमित निगरानी जारी रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद जीआईसी परिसर स्थित राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास बालक का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी ने सफाई कर्मचारी को कड़ी फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। साथ ही छात्रों को शुद्ध एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए कोपरेटिव मेस संचालित कराने की कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने छात्रों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल अवगत कराएं, ताकि उसका त्वरित निस्तारण कराया जा सके। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को छात्रावासों में साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण भोजन, विद्युत, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मयंक कुंडू, जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विनीत कुमार तिवारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0