दीपावली की रात हुई लूट का खुलासा, हरदोई में पुलिस मुठभेड़ के बाद चार बदमाश गिरफ्तार
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई।( अचलवार्ता)दीपावली की रात कैंटीन संचालक से हुई लूट की वारदात का हरदोई पुलिस ने खुलासा कर दिया। एसओजी, सर्विलांस, स्वाट और कोतवाली देहात पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 1,45,730 रुपये, चार मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बीती आठ नवंबर की रात करीब 10:26 बजे आशानगर निवासी राजेश कुमार सिंह अपने कैंटीन संचालक सुरजीत कुमार के साथ मोटरसाइकिल से हरियावां से हरदोई आ रहे थे। पोखरी तिराहे से करीब 100 मीटर आगे पहुंचते ही पीछे से आए तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने सुरजीत कुमार के पास रखा नकदी से भरा बैग लूट लिया और पिहानी रोड की ओर फरार हो गए। घटना के संबंध में राजेश कुमार सिंह की तहरीर पर कोतवाली देहात में मुकदमा संख्या 546/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत तीन अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने तीन पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगालने, आसपास के लोगों से पूछताछ और सर्विलांस की मदद से बदमाशों की तलाश में जुटी थीं।
इसी क्रम में 12/13 नवंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि दीपावली की रात लूट की घटना को अंजाम देने वाले चार आरोपी दो मोटरसाइकिलों से हरियावां की ओर से पोखरी तिराहे की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने नयागांव मोड़ पर पहुंचकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान सामने से दो मोटरसाइकिलों पर चार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर उन्होंने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी विजेंद्र पुत्र भभूति निवासी रिख्खा पुरवा, थाना कोतवाली देहात के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मौके से शोभित पुत्र वीरेंद्र निवासी ग्राम उतरा, थाना हरियावां, अंकुल पुत्र ओमप्रकाश और गंगेश पुत्र सुरेंद्र निवासी रिख्खा पुरवा, थाना कोतवाली देहात को गिरफ्तार कर लिया।
1.45 लाख रुपये और अवैध तमंचा बरामद
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1,45,730 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और एक होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद हुई है। इसके अलावा .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक समर बहादुर सिंह के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और स्वाट टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0