हरदोई में निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर बीम गिरने से दो मजदूर घायल, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
हरदोई, अचल वार्ता। जनपद के थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-शाहजहांपुर-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-731) पर शेदपुर शारदा नहर के ऊपर निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह एक हादसा हो गया। पुल निर्माण कार्य के दौरान एक भारी बीम नीचे गिर गई, जिससे दो मजदूर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:20 बजे निर्माणाधीन पुल पर बीम को स्थापित किया जा रहा था। इसी दौरान बीम अचानक असंतुलित होकर नीचे गिर गई। हादसे में राहुल पुत्र छोटेलाल तथा राजेश्वर पुत्र गेंदालाल घायल हो गए। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक हरदोई मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
प्रशासन की निगरानी में गिरी हुई बीम को हटाने का कार्य शुरू कराया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को घटना की जांच कराने तथा सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया है। साथ ही पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
हादसे के बाद निर्माण कार्य में बरती जा रही सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0