सुल्तानपुर : कोख से जन्म देने वाली ने छीना पिता का साया, वर्दीधारियों ने निभाई इंसानियत

Sep 9, 2025 - 22:26
Oct 22, 2025 - 22:17
 0  15
सुल्तानपुर : कोख से जन्म देने वाली ने छीना पिता का साया, वर्दीधारियों ने निभाई इंसानियत
  • हत्या के जुर्म में मां और प्रेमी जेल में, तीन मासूमों की मदद को आगे आई पुलिस

अचल वार्ता,सुलतानपुर। कहते हैं मां अपने बच्चों के लिए भगवान होती है, लेकिन सुलतानपुर में एक मां ने ही अपने बच्चों को अनाथ बना डाला। पति की हत्या के आरोप में जेल में बंद पूजा और उसके प्रेमी ने तीन मासूम बच्चों से उनका पिता छीन लिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद अब बच्चों की परवरिश का बोझ बूढ़ी दादी और मजदूरी करने वाले चाचा पर है। मगर इस दर्दनाक माहौल में खाकी वर्दी ने इंसानियत का चेहरा बनकर परिवार को सहारा दिया है। सोमवार को सीओ लंभुआ अब्दुस सलाम खान, चांदा इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह और क्राइम इंस्पेक्टर तनवीर खां मृतक महेश कुमार के किंदीपुर स्थित घर पहुंचे। पहले तो पुलिस की गाड़ियों को देखकर परिवार सहम गया, लेकिन अधिकारियों ने आते ही कहा घबराइए मत, हम मदद के लिए आए हैं। इसके बाद पुलिस की सरकारी गाड़ी से गेहूं, चावल, आटा, आलू व अन्य घरेलू सामान की बोरियां एक-एक कर घर में उतारी गईं।

  बच्चों को दुलारते हुए अधिकारियों ने कहा कि यह सब कुछ तुम लोगों के लिए है, और आगे भी हर संभव मदद दी जाएगी। सीओ अब्दुस सलाम ने कहा हम भी किसी के बेटे, पिता, भाई हैं। इंसानियत का तकाजा है कि दुख की इस घड़ी में परिवार की मदद की जाए। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि इन मासूम बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए सामूहिक प्रयास करें।

   मौके पर पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों में वरिष्ठ उपनिरीक्षक चुन्नू लाल, हेड कांस्टेबल मोहन यादव, कांस्टेबल अनुराग पाल, विकास, और आरक्षी चालक सोनू शामिल थे। इस मानवीय पहल पर गांव के लोगों ने पुलिस की जमकर सराहना की।अहिरौला ग्राम प्रधान शेर बहादुर यादव,कयामुद्दिनपुर प्रधान पंकज सिंह,नूरमपट्टी प्रधान केदारनाथ सिंह,गोपीनाथपुर प्रधान संतोष अग्रहरी,बड़ागांव प्रधान उमाशंकर यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के भविष्य के लिए सहयोग का आश्वासन दिया और पुलिस की इस भूमिका को “जनता की मित्र” वाली परिभाषा का वास्तविक उदाहरण बताया।

   मंगलवार की शाम महेश कुमार घर से निकला और लापता हो गया। अगली सुबह उसका शव गांव से 300 मीटर दूर एक बाग में पेड़ के पास मिला गला रेत कर बेरहमी से हत्या की गई थी।जांच में सामने आया कि उसकी पत्नी पूजा और उसका प्रेमी डंगर ने मिलकर यह हत्या की थी। बुधवार को अर्थी उठते समय ही पुलिस ने पूजा को और पहले उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। सर्विलांस और साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0