सुल्तानपुर : आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी में 55 लीटर कच्ची शराब बरामद

सुलतानपुर के कादीपुर क्षेत्र में आबकारी विभाग की छापेमारी में 55 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। 300 किलो लहन नष्ट कर दो मुकदमे दर्ज किए गए।

Jan 20, 2026 - 09:34
Jan 26, 2026 - 22:05
 0  0
सुल्तानपुर : आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी में 55 लीटर कच्ची शराब बरामद

धरपकड़ अभियान में 300 किलो लहन नष्ट, दो मुकदमे दर्ज

सुलतानपुर, अचल वार्ता। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी अभियान के दौरान 55 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि मौके से करीब 300 किलोग्राम लहन भी जब्त कर नष्ट किया गया। इस मामले में उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में दो अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।

यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। अभियान का संचालन जिलाधिकारी सुलतानपुर, उप जिलाधिकारी कादीपुर उत्तम तिवारी एवं उप आबकारी आयुक्त अयोध्या प्रभार के निर्देश पर किया गया। पूरे अभियान की निगरानी जिला आबकारी अधिकारी द्वारा की गई।

आबकारी निरीक्षक गिरिराज सिंह (क्षेत्र–2, कादीपुर) के नेतृत्व में टीम ने थाना कादीपुर क्षेत्र के अंतर्गत संदिग्ध ग्राम कादीपुर खुर्द और महमूद जंगलीया में दबिश दी। इस दौरान मौके से अवैध कच्ची शराब और लहन बरामद कर नष्ट किया गया।

ईंट भट्ठों व कबाड़ की दुकानों की जांच

अभियान के तहत क्षेत्र में स्थित ईंट भट्ठों और कबाड़ की दुकानों की सघन चेकिंग भी की गई। ईंट भट्ठा संचालकों को कड़े निर्देश दिए गए कि उनके परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध शराब का निर्माण या भंडारण न हो, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आबकारी दुकानों पर भी सख्ती

टीम द्वारा क्षेत्र की आबकारी दुकानों की जांच की गई। जांच के दौरान पाई गई अनियमितताओं पर जुर्माना लगाया गया तथा विक्रेताओं को पॉस मशीन से ही बिक्री करने के निर्देश दिए गए।

जनता से अपील

आबकारी विभाग की टीम ने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अवैध शराब का सेवन न करें, क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए घातक और जानलेवा हो सकती है।

इस कार्रवाई में आबकारी सिपाही अजय गुप्ता, विकास सिंह, शान, सूबेदार सहित अन्य कर्मचारी एवं वाहन चालक शामिल रहे।

- श्रवण शर्मा 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0