सुल्तानपुर: जनपद में कोहरे से मिली राहत, न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज
सुलतानपुर में कोहरे से राहत मिली है। न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया, AQI 500 के पार पहुंचा। जानिए ब्लॉकवार मौसम और फसलों पर असर।
आसमान में छाए बादल, AQI 500 के पार; दोपहर बाद मौसम में दिखा बदलाव
सुलतानपुर, अचल वार्ता। जनपद में कई दिनों से जारी घने कोहरे के बाद सोमवार को लोगों को राहत मिली। सुबह के समय कोहरा नहीं होने से आम जनजीवन और यातायात सामान्य रहा। हालांकि, आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवा के कारण गलन बनी रही।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार सुबह सुलतानपुर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात में तापमान गिरकर 4.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलती रहीं।
कोहरा न होने से राजमार्गों पर वाहनों की गति सामान्य रही और सुबह काम पर निकलने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। वहीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 500 के पार पहुंचने से प्रदूषण चिंता का विषय बना हुआ है।
ब्लॉकवार मौसम का हाल
धनपतगंज ब्लॉक में सुबह मौसम साफ रहा और दृश्यता सामान्य बनी रही।
भदैया ब्लॉक क्षेत्र में बादलों के कारण कोहरा कम रहा और ठंड में कुछ कमी महसूस की गई।
लंभुआ ब्लॉक में कोहरे से राहत जरूर मिली, लेकिन ठंड अभी भी बरकरार है।
जयसिंहपुर ब्लॉक में मौसम साफ रहा, हालांकि गलन के चलते लोग अलाव का सहारा लेते दिखे।
फसलों पर मौसम का असर
किसानों के अनुसार, हालिया मौसम गेहूं की फसल के लिए लाभकारी है, जबकि सरसों और आलू जैसी फसलों में माहू कीट और झुलसा रोग का खतरा बना हुआ है। किसान सियाराम ने बताया कि अधिक कोहरा आलू और सरसों को नुकसान पहुंचा सकता है, लेकिन रबी की मुख्य फसल गेहूं के लिए यह मौसम अनुकूल है।
- ब्यूरो रिपोर्ट
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0