सुल्तानपुर: कुड़वार गोलीकांड में बड़ी कार्रवाई: मुख्य आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार, कोर्ट के आदेश पर भेजे गए जेल

सुल्तानपुर के कुड़वार थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पिता-पुत्र रमेश मौर्या और अनुराग मौर्या को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जमीन विवाद में माता प्रसाद पांडे को गोली मारी गई थी।

Mar 27, 2026 - 21:28
 0  68
सुल्तानपुर: कुड़वार गोलीकांड में बड़ी कार्रवाई: मुख्य आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार, कोर्ट के आदेश पर भेजे गए जेल
  • जमीन विवाद में माता प्रसाद पांडे को मारी गई थी गोली, कुड़वार पुलिस ने मुख्य आरोपियों रमेश मौर्या और अनुराग मौर्या को दबोचा

सुल्तानपुर, अचल वार्ता । जनपद के कुड़वार थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में शामिल मुख्य आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रमेश मौर्या (51) पुत्र तुलसीराम मौर्या तथा अनुराग मौर्या (27) पुत्र रमेश मौर्या के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को अदालत के आदेश पर जिला कारागार भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि यह घटना नरवापार गांव की है, जहां जमीन विवाद को लेकर 55 वर्षीय माता प्रसाद पांडे पुत्र स्वर्गीय वशिष्ठ पांडे को गोली मार दी गई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और स्थानीय लोग सहमे हुए थे।

कुड़वार थाना प्रभारी निरीक्षक तरुण पटेल ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज़ी से जारी है। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही बाकी अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि क्षेत्र में एहतियात के तौर पर पुलिस निगरानी अभी भी बढ़ा दी गई है।

 - श्रवण शर्मा 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0