सुल्तानपुर: ई-रिक्शा से ₹10 की वसूली के विवाद में दबंगई, गर्भवती महिला का पैर फटा ,आरोपी हिरासत में

Mar 8, 2026 - 19:01
Mar 8, 2026 - 20:11
 0  10
सुल्तानपुर: ई-रिक्शा से ₹10 की वसूली के विवाद में दबंगई, गर्भवती महिला का पैर फटा ,आरोपी हिरासत में

सुल्तानपुर, अचल वार्ता। जनपद में ई-रिक्शा चालकों से अवैध वसूली का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला दरियापुर तिराहे के पास पल्लवी होटल के समीप का बताया जा रहा है, जहां नगर पालिका के नाम पर ₹10 वसूली को लेकर दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है।

मिली जानकारी के अनुसार एक गर्भवती महिला सुमन वर्मा, निवासी तिवारीपुर शिवनगर अहिमाने, कोतवाली देहात क्षेत्र, ई-रिक्शा से सुल्तानपुर से पयागीपुर की तरफ जा रही थीं। 

इसी दौरान नगर पालिका के नाम पर वसूली करने वाले ठेकेदार के गुर्गे ने ई-रिक्शा चालक से ₹10 की मांग की। चालक द्वारा रुपये न देने पर आरोप है कि युवक ने मोटरसाइकिल से ई-रिक्शा का पीछा किया और आगे मोटरसाइकिल खड़ी कर उसे रोक लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दबंग युवक ने मोटरसाइकिल से ई-रिक्शा में टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार गर्भवती महिला सुमन वर्मा का पैर नीचे दब गया और उनका पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया। 

घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे पर भी इस हादसे का असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वहां पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया आरोपी दबंग युवक को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घायल महिला के गांव के स्थानीय समाजसेवी और ग्राम प्रधान भी अस्पताल और घटना स्थल पर पहुंच रहे हैं।

इस घटना के बाद बड़ा सवाल उठ रहा है कि क्या ₹10 की वसूली के लिए ई-रिक्शा चालकों और यात्रियों की जान से खिलवाड़ किया जाएगा? क्या नगर पालिका के ठेकेदार अपने गुर्गों को इस तरह की दबंगई की छूट दे रहे हैं?

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और घायल गर्भवती महिला को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0