सुल्तानपुर: स्वस्थ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त शहर बनाना ही हमारा संकल्प : लालचंद सरोज
सुलतानपुर नगर पालिका सभागार में स्वच्छता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित हुआ। अधिशासी अभियंता लालचंद सरोज ने स्वस्थ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त शहर बनाने का संकल्प दिलाया।
समाजसेवी संस्थाओं ने सुलतानपुर को ‘गार्बेज फ्री सिटी’ बनाने में सहभागिता का लिया संकल्प
सुलतानपुर, अचल वार्ता। नगर पालिका परिषद सभागार में “एमटीआई – मेरा कूड़ा, मेरी जिम्मेदारी”, गीला कूड़ा-सूखा कूड़ा पृथक्करण एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं ने सुलतानपुर को गार्बेज फ्री सिटी बनाने में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अधिशासी अभियंता लालचंद सरोज ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त बनाना ही सरकार का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल, बेहतर जनजीवन और बच्चों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के अधिकारी सौरभ मिश्रा ने कहा कि हर नागरिक की भागीदारी से ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि एमआरएफ सेंटर के माध्यम से गीले कूड़े से ऑर्गेनिक खाद तथा सूखे कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ-साथ नागरिकों को निरंतर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
मॉडर्न ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एमटीआई) के डायरेक्टर सरवर रहमान एवं सदस्य अशोक सिंह बिसेन (एडवोकेट) ने बताया कि बीते तीन महीनों से “मेरा कूड़ा, मेरी जिम्मेदारी” अभियान के तहत घर-घर जाकर और स्कूलों में बच्चों को स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम में समाजसेवी संस्थाओं की ओर से राजेश कुमार सिंह, महफूज़ भाई, विजय विद्रोही, संदीप सिंह, निजाम खान, सुधा सिंह, उषा वर्मा सहित मूक-बधिर एवं दृष्टिबाधित बच्चों के लिए कार्य करने वाली संस्थाओं ने भी सहभागिता निभाई और स्वच्छता जागरूकता अभियान को मजबूती देने का संकल्प लिया।
अंत में नगर पालिका परिषद सभागार में उपस्थित सभी लोगों को अधिशासी अधिकारी द्वारा शहर को स्वस्थ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई।
- श्रवण शर्मा
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0