अम्बेडकर नगर: लखनऊ में भव्य पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित
- पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर उठी मजबूत आवाज
अम्बेडकर नगर/लखनऊ, अचल वार्ता। लखनऊ में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद (रजि.) के स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे पत्रकारों, पदाधिकारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। समारोह के दौरान पत्रकारों पर दर्ज होने वाले फर्जी मुकदमों, पत्रकार उत्पीड़न तथा मीडिया कर्मियों की सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा की गई।
राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद (रजि.) के पदाधिकारियों ने शासन एवं प्रशासन से पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनकी उचित मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग रखी।
मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने उपस्थित पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि पत्रकारों की समस्याओं एवं मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी तथा उनके हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान पूरा सभागार तालियों और जयकारों से गूंज उठा।कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।
अम्बेडकरनगर से पहुंचे जिला अध्यक्ष अजय उपाध्याय,जिला कोषाध्यक्ष हरीलाल प्रजापति,जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार तथा जिला सचिव संतोष अग्रहरि को पीतांबरी पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद (रजि.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी पत्रकारों, अतिथियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन हमेशा पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए संघर्षरत रहेगा। राजधानी में आयोजित यह सम्मान समारोह पत्रकार एकता, सुरक्षा और सम्मान के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
What's Your Reaction?
Like
3
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0