समाधान शिविर में शिकायतों का संवेदनशीलता से समाधान करें अधिकारी : विधायक पवन खरखौदा* 

Sep 14, 2026 - 18:37
Sep 14, 2026 - 19:11
 0  1
समाधान शिविर में शिकायतों का संवेदनशीलता से समाधान करें अधिकारी : विधायक पवन खरखौदा* 

खरखौदा  / सोनीपत , अचल वार्ता । विधायक पवन खरखौदा की अध्यक्षता में उपमंडल कार्यालय खरखौदा में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आमजन की विभिन्न शिकायतों एवं समस्याओं को सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए गए।

विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनें और जहां संभव हो, मौके पर ही उसका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें।

एसडीएम अमित भारद्वाज ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिविर के दौरान पूरे समय उपस्थित रहें और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए मौके पर समाधान का प्रयास करें। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव न हो, उनमें संबंधित विभाग आवश्यक कार्यवाही करते हुए निर्धारित समय-सीमा में शिकायत का निपटारा सुनिश्चित करें।

एसडीएम ने कहा कि शिकायतों के समाधान में गुणवत्ता के साथ-साथ समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रत्येक शिकायत पर व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्यवाही की जाए तथा शिकायत पर की गई कार्यवाही की स्थिति को समय पर ऑनलाइन अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ समस्या का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर एसडीएम अमित भारद्वाज ने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ सेवा संकल्प के संबंध में भी बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प के तहत आमजन को सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने विभागवार सेवाओं की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निपटारा करने तथा नागरिकों को सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने कहा कि अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित सेवाओं की नियमित समीक्षा करें और सेवा प्रदान करने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी को दूर करें। उन्होंने अधिकारियों को आमजन के साथ बेहतर व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समाधान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों के निपटारे में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी शिकायतों की नियमित निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित करें कि आमजन को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0