विधानसभा के बाहर कांग्रेस नेताओं ने जो किया, उसे पूरे देश ने देखा : डॉ. अरविंद शर्मा
गोहाना, सोनीपत । हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कांग्रेस और विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंच है और विपक्ष को जनता से जुड़े मुद्दे सदन में उठाने चाहिए। लेकिन कांग्रेस नेता विधानसभा में अपनी बात रखने की बजाय बाहर आकर प्रदर्शन और बयानबाजी कर रहे हैं। विधानसभा के बाहर कांग्रेस नेताओं ने जो किया है, उसे पूरे देश ने देखा है। डॉ. अरविंद शर्मा शनिवार को गोहाना में सोनीपत रोड स्थित अपने कार्यालय में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने विपक्ष पर सवाल उठाए।
डॉ. शर्मा ने कहा कि विपक्ष का काम केवल विरोध करना नहीं, बल्कि जनता की आवाज को विधानसभा के माध्यम से सरकार तक पहुंचाना भी है। सरकार की ओर से हमेशा विपक्ष को सदन में अपनी बात रखने और जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर दिया गया है। इसके बावजूद विपक्षी नेता सदन में सार्थक बहस करने की बजाय बाहर आकर राजनीतिक बयानबाजी करना पसंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए उसके नेता मीडिया में सुर्खियां पाने के लिए अलग-अलग तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश की जनता जानती है कि हरियाणा में कांग्रेस एकजुट नहीं है। कांग्रेस कई धड़ों में बंटी हुई है और उसके नेता आपसी खींचतान में उलझे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को जनता और प्रदेश के विकास से ज्यादा अपनी राजनीति की चिंता है। डॉ. शर्मा ने कहा कि जनता अब राजनीतिक नाटक और केवल बयानबाजी से प्रभावित होने वाली नहीं है। प्रदेश की जनता विकास कार्यों और सरकार की नीतियों को देख रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो और प्रत्येक व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। डॉ. शर्मा ने कहा कि जनता से सीधा संवाद और उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से लोगों से नियमित रूप से मुलाकात कर उनकी शिकायतों पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
पंजाब के राजनीतिक हालात पर डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी की सरकार से दुखी हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पंजाब में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। जनता विकास, सुशासन और स्थिर सरकार के पक्ष में अपना समर्थन दे रही है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि जनता अब केवल नारे और सुर्खियों की राजनीति नहीं, बल्कि जमीन पर होने वाले काम को देखती है। विपक्ष को भी विधानसभा के बाहर राजनीतिक प्रदर्शन करने की बजाय सदन के भीतर जनता के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता के विश्वास और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और आमजन की सेवा तथा प्रदेश का सर्वांगीण विकास ही सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0