सुल्तानपुर: साहिनवा गांव में मनरेगा घोटाले की पोल खुली, तालाब में दिखाया जा रहा फर्जी काम
सुलतानपुर के दोस्तपुर ब्लॉक के साहिनवा गांव में मनरेगा घोटाले का मामला सामने आया है। पानी से भरे तालाब में बिना मजदूर के कागजों में काम दिखाया जा रहा है।
पानी से भरे तालाब में बिना मजदूर के लग रही हाजिरी, प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
दोस्तपुर/सुलतानपुर, अचल वार्ता। दोस्तपुर विकासखंड के साहिनवा गांव में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के जिस तालाब में पानी भरा हुआ है और जहां किसी भी प्रकार का कार्य होना संभव नहीं है, उसी स्थान पर कागजों में मजदूरों से कार्य कराया जाना दर्शाया जा रहा है।
हैरानी की बात यह है कि मौके पर न तो कोई मजदूर मौजूद है और न ही कोई कार्य होता दिखाई दे रहा है, इसके बावजूद मनरेगा पोर्टल पर मजदूरों की हाजिरी नियमित रूप से दर्ज की जा रही है। इससे साफ जाहिर होता है कि योजना के नाम पर सरकारी धन की बंदरबांट की जा रही है।
लंबे समय से चल रहा है फर्जीवाड़ा
स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह अनियमितता कोई नई नहीं है, बल्कि काफी समय से जारी है। इसके बावजूद अब तक न तो किसी स्तर पर ठोस जांच शुरू हुई है और न ही जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई है।
ब्लॉक स्तर पर संरक्षण का आरोप
सूत्रों का आरोप है कि इस पूरे घोटाले को ब्लॉक स्तर के कुछ अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है। पैसों के लेन-देन के जरिए कागजों में वर्क साइट दर्शाई जा रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। यहां तक चर्चा है कि मनरेगा के कार्यों का परोक्ष रूप से ठेका ब्लॉक कर्मचारियों द्वारा ही लिया गया है और भुगतान भी उन्हीं के इशारे पर किया जा रहा है।
मनरेगा के उद्देश्य पर सवाल
गरीब व बेरोजगार मजदूरों को रोजगार देने के उद्देश्य से शुरू की गई मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी योजना में इस तरह की अनियमितताएं प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। मीडिया में मामला उजागर होने के बावजूद प्रशासन की चुप्पी संदेह को और गहरा कर रही है।
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले में कब तक आंखें मूंदे रहता है या फिर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करता है।
- श्रवण शर्मा
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0