बाराबंकी: प्रदूषण जांच केंद्रों पर MVI का औचक निरीक्षण, फर्जी PUC प्रमाण-पत्र जारी करने पर लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी
बाराबंकी में परिवहन विभाग ने प्रदूषण जांच केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। MVI बलवंत सिंह यादव ने मशीनों, ऑनलाइन डेटा और PUC प्रमाण-पत्रों की जांच कर संचालकों को चेतावनी दी।
बाराबंकी, अचल वार्ता। बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने और वाहनों की प्रदूषण जांच में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अमिताभ राय के नेतृत्व में मोटरयान निरीक्षक (MVI) बलवंत सिंह यादव ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित प्रदूषण जांच केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मोटरयान निरीक्षक ने प्रदूषण जांच केंद्रों पर उपलब्ध मशीनों की कार्यप्रणाली, सॉफ्टवेयर अपडेट, कैलिब्रेशन प्रमाण-पत्र और जारी किए जा रहे प्रदूषण नियंत्रण (PUC) प्रमाण-पत्रों के रिकॉर्ड की गहनता से जांच की।
मशीनों और ऑनलाइन डेटा की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर धुआं जांचने वाली मशीनों और वेबकैम की स्थिति का जायजा लिया गया। साथ ही ऑनलाइन पोर्टल पर सही डेटा अपलोड किए जाने की प्रक्रिया भी जांची गई, ताकि प्रदूषण जांच में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
मोटरयान निरीक्षक बलवंत सिंह यादव ने केंद्र संचालकों को निर्देश दिए कि बिना वाहन की भौतिक जांच किए या फर्जी तरीके से प्रदूषण प्रमाण-पत्र जारी न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा पाए जाने पर संबंधित केंद्र का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जा सकता है।
नियमों का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान केंद्र संचालकों को सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क की सूची केंद्र के बाहर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। कुछ केंद्रों पर मामूली खामियां मिलने पर संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सुधार करने को कहा गया।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य प्रदूषण जांच केंद्रों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना, फर्जी प्रमाण-पत्रों पर रोक लगाना और वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0