देहरादून : उत्तराखंड में 23 फैसलों से बदलेगी व्यवस्था, स्वास्थ्य से लेकर रोजगार तक बड़े निर्णय

Nov 27, 2026 - 15:12
 0  1
देहरादून : उत्तराखंड में 23 फैसलों से बदलेगी व्यवस्था, स्वास्थ्य से लेकर रोजगार तक बड़े निर्णय

देहरादून, अचल वार्ता। उत्तराखंड सरकार ने राज्य में कर्मचारियों, श्रमिकों, स्वास्थ्य सेवाओं, परिवहन, वन भर्ती, निर्माण और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि, वन आरक्षी की अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने, हरिद्वार में पॉड टैक्सी परियोजना, सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली 2026 और चीनी मिलों को सरकारी गारंटी देने सहित कई अहम फैसले लिए गए।

आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में ₹1,700 की वृद्धि

कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में प्रतिमाह ₹1,700 की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इसके बाद राज्य सरकार की ओर से मिलने वाला मानदेय ₹3,300 से बढ़कर ₹5,000 प्रतिमाह हो जाएगा।

आशा कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की ओर से भी ₹5,000 की राशि मिलती है। इस प्रकार राज्य और केंद्र से मिलने वाली राशि को मिलाकर उनका कुल मानदेय ₹10,000 प्रतिमाह हो जाएगा।

यह निर्णय ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आशा कार्यकर्ताओं को आर्थिक राहत देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

हरिद्वार में 21 किलोमीटर से अधिक लंबी पॉड टैक्सी परियोजना

कैबिनेट ने हरिद्वार शहर में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम यानी पीआरटी आधारित पॉड टैक्सी परियोजना ‘हरिद्वार दर्शन’ के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर निर्णय लिया।

परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर प्रस्तावित किए गए हैं। पहला कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक होगा, जिसकी लंबाई 15.58 किलोमीटर और प्रस्तावित स्टेशनों की संख्या 15 है।

दूसरा कॉरिडोर सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक प्रस्तावित है। इसकी लंबाई 3.10 किलोमीटर होगी और इस पर चार स्टेशन बनाए जाने का प्रस्ताव है।

तीसरा कॉरिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक होगा। इसकी लंबाई 2.40 किलोमीटर और प्रस्तावित स्टेशनों की संख्या दो है।

तीनों कॉरिडोर की कुल लंबाई 21.08 किलोमीटर होगी और इन पर कुल 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। परियोजना के लिए 6.9555 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता बताई गई है, जिसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। निर्माण कार्य के लिए पांच वर्ष की अवधि हेतु दो हेक्टेयर अतिरिक्त अस्थायी भूमि की आवश्यकता भी बताई गई है।

इस परियोजना का उद्देश्य हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और श्रद्धालुओं तथा स्थानीय नागरिकों के लिए एक आधुनिक सार्वजनिक परिवहन विकल्प उपलब्ध कराना है।

वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष

वन विभाग में वन आरक्षी पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष करने का निर्णय लिया गया है।

इसके लिए उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली में आवश्यक संशोधन करते हुए संशोधन नियमावली 2026 प्रख्यापित करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है। यह आयु सीमा 31 दिसंबर 2028 तक सीधी भर्ती के लिए बढ़ाई जाएगी।

इस निर्णय से वन आरक्षी भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अतिरिक्त अवसर मिलने की संभावना है।

सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली 2026 को मंजूरी

कैबिनेट ने सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 की धारा 154 और 156 के अंतर्गत उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 प्रख्यापित करने का निर्णय लिया।

इस नियमावली का उद्देश्य संगठित और असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों तथा कर्मकारों तक सामाजिक सुरक्षा का लाभ पहुंचाना है। इसके अंतर्गत असंगठित कर्मकारों और भवन निर्माण कर्मकारों के कल्याण के लिए अलग-अलग बोर्डों के गठन का प्रावधान किया गया है।

नियमावली में कर्मकारों के नामांकन की प्रक्रिया और प्रारूप निर्धारित किए गए हैं। यदि कर्मकार द्वारा नामांकित व्यक्ति या उत्तराधिकारी नाबालिग है, तो ग्रेच्युटी की राशि उसके वयस्क होने तक बैंक में सावधि जमा के रूप में निवेश करने का प्रावधान किया गया है।

कर्मकार की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार व्यय की व्यवस्था, कर्मचारी बीमा न्यायालय की संरचना एवं नियंत्रण तथा सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन सेसंबंधित प्रावधान भी शामिल किए गए हैं।

चीनी मिलों के लिए ₹207.75 करोड़ की सरकारी गारंटी

कैबिनेट ने पेराई सत्र 2026-27 के लिए राज्य की सहकारी और सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने हेतु कुल ₹207.75 करोड़ की सरकारी प्रत्याभूति प्रदान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।

यह गारंटी बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलों के लिए प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य गन्ना किसानों को समय पर गन्ना मूल्य भुगतान सुनिश्चित करने में सहायता देना है।

मेडिकल कॉलेजों के पीजी डॉक्टरों के लिए दो वर्ष की अनिवार्य सेवा

राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य सरकारी सेवा संबंधी बॉण्ड को मंजूरी दी गई है।

राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद संबंधित चिकित्सकों को दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों के अस्पतालों में दो वर्ष की अनिवार्य सरकारी सेवा के लिए नियुक्त किया जाएगा।

सरकार का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में वरिष्ठ रेजिडेंट चिकित्सकों की कमी को दूर करना और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है।

ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन की नई नीति

कैबिनेट ने उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव नीति, 2026 को मंजूरी दी। नई नीति वर्ष 2024 की प्रचलित नीति का स्थान लेगी।

इस नीति का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के संचालन, रख-रखाव और व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।

एनएचआईडीसीएल को कार्यदायी संस्था की सूची से हटाने का निर्णय

कैबिनेट ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को राज्य में विविध निर्माण कार्यों के लिए सूचीबद्ध कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से हटाने का निर्णय लिया।

आवास विभाग के अनुसार, संस्था को पांच जनपदों में ऑटोमेटेड, मैकेनाइज्ड और टनल पार्किंग से संबंधित निर्माण कार्य दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में निर्माण कार्य शुरू नहीं किए गए और जारी धनराशि के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति नहीं हुई।

इसी आधार पर संस्था को पार्किंग और विविध निर्माण कार्यों के लिए कार्यदायी संस्था की सूची से हटाने का प्रस्ताव मंजूर किया गया।

आबकारी विभाग में 11 नए पदों का सृजन

राज्य के आबकारी विभाग में कुल 11 नए पद सृजित करने का निर्णय लिया गया है। इनमें उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पद शामिल हैं।

विभाग के दो वर्तमान परिक्षेत्रों को सात परिक्षेत्रों में पुनर्गठित करने का प्रस्ताव है। प्रत्येक परिक्षेत्र में एक उप आबकारी आयुक्त का पद निर्धारित किया जाएगा।

इस व्यवस्था का उद्देश्य राजस्व संग्रह बढ़ाना, अवैध मदिरा पर रोक लगाना और विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय पर मुख्यमंत्री को अधिकार

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मासिक मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है।

इसका अर्थ है कि मानदेय वृद्धि के प्रस्ताव पर आगे निर्णय मुख्यमंत्री स्तर पर लिया जा सकेगा।

जिला खनिज फाउंडेशन शुल्क में बदलाव

कैबिनेट ने जिला खनिज फाउंडेशन न्यास शुल्क की दर 15 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत करने का निर्णय लिया। वहीं क्षतिपूर्ति शुल्क की दर 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत की गई है।

इसके तहत जिला खनिज फाउंडेशन न्यास शुल्क की पांच प्रतिशत दर को क्षतिपूर्ति शुल्क में शामिल किया जाएगा। पूर्व में रॉयल्टी की बढ़ी हुई दरें स्थगित रहेंगी।

राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली पर उपसमिति

कैबिनेट ने उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक (राजस्व निरीक्षक) सेवा नियमावली, 2025 से संबंधित प्रस्ताव पर विचार करते हुए मंत्रिमंडल की उपसमिति गठित करने का निर्णय लिया।

प्रस्ताव में राजस्व निरीक्षक और रजिस्ट्रार कानूनगो के पदों को एकीकृत करने तथा पटवारी/लेखपाल संवर्ग से पदोन्नति की व्यवस्था को व्यवस्थित करने का विषय शामिल है।

भवन निर्माण नियमों में शिथिलीकरण की व्यवस्था

कैबिनेट ने भवन निर्माण एवं विकास उपविधि/विनियम, 2011 के मानकों में शिथिलीकरण देने के लिए भवन उपयोग और भू-खंड क्षेत्रफल के आधार पर अलग-अलग स्तर निर्धारित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।

इससे पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की परिस्थितियों के अनुसार निर्माण संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण किया जा सकेगा।

भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में संशोधन

कैबिनेट ने महायोजना में भू-उपयोग परिवर्तन के लिए निर्धारित शुल्क में संशोधन को मंजूरी दी।

सरकार के अनुसार, वर्तमान शुल्क दरें अधिक होने के कारण भूमि स्वामी और विकासकर्ता वैधानिक स्वीकृति लेने से बच रहे थे। इससे अवैध और अनियोजित निर्माण तथा प्लॉटिंग की स्थिति बढ़ रही थी।

नई व्यवस्था के तहत 1 अगस्त 2025 के शासनादेश के स्थान पर 6 अक्टूबर 2021 के शासनादेश के अनुसार भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरें निर्धारित करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया।

बापूग्राम आरक्षित वन भूमि पर सैद्धांतिक स्वीकृति

ऋषिकेश के बापूग्राम आरक्षित वन क्षेत्र की 594.90 एकड़ अधिसूचित वन भूमि को डीनॉटीफाई करने के प्रस्ताव पर मंत्रिमंडल ने सैद्धांतिक स्वीकृति दी है।

यह निर्णय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन और आगे की कार्यवाही के संदर्भ में लिया गया है। इस संबंध में औपचारिक प्रस्ताव वन विभाग की ओर से प्रस्तुत किया जाएगा।

अन्य महत्वपूर्ण निर्णय

कैबिनेट ने उत्तराखंड कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत एलोपैथिक फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती में बी.फार्मा को भी शैक्षिक योग्यता में शामिल करने के लिए सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी।

एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा की भर्ती और नियुक्त कार्मिकों की सेवा शर्तों को विनियमित करने के लिए संशोधन नियमावली को भी मंजूरी दी गई।

उत्तराखंड सेतु आयोग की सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली, 2026 तथा उत्तराखंड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा संशोधन नियमावली, 2026 को अनुमोदन दिया गया।

महाधिवक्ता कार्यालय अधिष्ठान के कर्मचारियों की सेवा नियमावली में संशोधन, उप आबकारी आयुक्त और सहायक आबकारी आयुक्त के नए पदों, सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद तथा चिकित्सा विभाग के एक सेवानिवृत्त अधिकारी को समान सेवा लाभ देने से संबंधित प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया गया।

इसके अलावा उत्तराखंड विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र का तत्काल प्रभाव से सत्रावसान किए जाने की संस्तुति की गई।

कैबिनेट के इन निर्णयों से राज्य में श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, भर्ती प्रक्रिया, परिवहन व्यवस्था और नियोजित विकास को गति देने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0