बाराबंकी: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के विशेष अभियान दिवस पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण

बाराबंकी में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत उप जिला निर्वाचन अधिकारी निरंकार सिंह ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। 29 नवंबर को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक सभी बूथों पर विशेष कैंप लगेंगे। मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें।

Nov 28, 2026 - 19:32
 0  0
बाराबंकी: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के विशेष अभियान दिवस पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण

मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने एवं त्रुटियों के निराकरण के दिए निर्देश

29 नवम्बर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर प्रातः 10 से अपराह्न 04 बजे तक आयोजित होंगे विशेष कैम्प

बाराबंकी, अचल वार्ता। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत आज जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह द्वारा विधानसभा क्षेत्र 266-कुर्सी के सर्वोदय इंटर कॉलेज, विशुनपुर एवं प्राथमिक विद्यालय कुतलुपुर में स्थापित विभिन्न मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, प्राप्त आवेदनों एवं दावे-आपत्तियों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी बीएलओ निर्धारित समयावधि में अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं एवं अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज न करा सके पात्र व्यक्तियों के आवेदन प्राप्त करें। साथ ही मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता एवं अन्य विवरणों में त्रुटियों के संशोधन तथा अपात्र एवं मृतक मतदाताओं से संबंधित प्रविष्टियों के नियमानुसार परीक्षण की कार्यवाही गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित की जाए। प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।

कल भी आयोजित होंगे विशेष कैम्प

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर कल दिनांक 29 नवम्बर 2026 को भी प्रातः 10 बजे से अपराह्न 04 बजे तक विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। सभी मतदाताओं से अपील है कि वे अपने निर्धारित बूथ पर पहुंचकर अपनी एवं अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे संबंधित बूथ पर उपस्थित बीएलओ के माध्यम से अथवा ऑनलाइन फार्म-6 भरकर नाम जुड़वाने हेतु आवेदन कर सकते हैं।

मतदाता सूची में नाम जांचने की प्रक्रिया

भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in पर जाकर 'Search in Electoral Roll' विकल्प के माध्यम से EPIC नंबर अथवा व्यक्तिगत विवरण दर्ज कर मतदाता सूची में अपना नाम जांचा जा सकता है। नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फार्म-8 तथा अपात्र प्रविष्टियों के संबंध में फार्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त ECINET मोबाइल ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से भी निर्वाचन संबंधी सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है।

समस्त मतदाताओं से अपील है कि कल आयोजित होने वाले विशेष कैम्प का लाभ उठाएं, स्वयं अपना एवं परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में जांचें तथा आसपास के पात्र नागरिकों को भी जागरूक करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0