अमेठी: बाल विवाह मुक्त का लिया संकल्प, अधिकारियों ने शपथ के साथ हस्ताक्षर अभियान में लिया हिस्सा

अमेठी के विकास भवन में AVA की ओर से बाल विवाह उन्मूलन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। अधिकारियों ने शपथ लेकर बाल विवाह मुक्त अमेठी का संकल्प लिया।

Nov 28, 2026 - 19:00
 0  0
अमेठी: बाल विवाह मुक्त का लिया संकल्प, अधिकारियों ने शपथ के साथ हस्ताक्षर अभियान में लिया हिस्सा

अमेठी, अचल वार्ता। बाल विवाह, बाल्यावस्था एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर शनिवार को विकास भवन सभागार, अमेठी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (AVA) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली तथा हस्ताक्षर अभियान में भागीदारी की।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम विभाग, अर्थ एवं संख्या विभाग, बाल एवं महिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, पंचायती राज विभाग, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और चाइल्ड हेल्पलाइन के अधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।

बाल विवाह रोकने के लिए सामुदायिक सहभागिता पर जोर

बैठक में एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन के जिला प्रतिनिधि अहमद फराज ने संस्था के कार्यों और बाल संरक्षण के लिए संचालित सुरक्षित बाल ग्राम पहल के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामुदायिक सहभागिता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

वहीं, संवाद सामाजिक संस्थान के प्रतिनिधि अतुल तिवारी ने बाल संरक्षण में ग्राम पंचायतों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाल अधिकारों की रक्षा और बाल विवाह की रोकथाम के लिए ग्राम पंचायतों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

बाल संरक्षण और चाइल्ड हेल्पलाइन की भूमिका पर चर्चा

चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधि गौरव श्रीवास्तव ने बाल विवाह की रोकथाम, बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा बाल देखरेख संस्थानों (Child Care Institutions) की स्थापना और आवश्यकता के बारे में जानकारी साझा की।

उन्होंने बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

अधिकारियों ने ली बाल विवाह मुक्त अमेठी की शपथ

कार्यक्रम के अंत में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी की उपस्थिति में सभी अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को बाल विवाह उन्मूलन और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने की शपथ दिलाई गई।

इसके बाद सभी अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने बाल विवाह मुक्त अमेठी का संकल्प लेते हुए हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों, सामाजिक संस्थाओं और ग्राम पंचायतों के समन्वित प्रयासों से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करना तथा प्रत्येक बच्चे के लिए सुरक्षित, संरक्षित और बाल अधिकारों के अनुकूल वातावरण तैयार करना रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0