अमेठी::सड़क सुरक्षा को लेकर CDO पूजा साहू सख्त, अवैध अतिक्रमण हटाने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

अमेठी में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में CDO पूजा साहू ने ब्लैक स्पॉट सुधारने, अवैध अतिक्रमण हटाने, स्कूली वाहनों की जांच और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

Nov 28, 2026 - 19:12
 0  0
अमेठी::सड़क सुरक्षा को लेकर CDO पूजा साहू सख्त, अवैध अतिक्रमण हटाने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

अमेठी, अचल वार्ता। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क सुरक्षा, ब्लैक स्पॉट, अवैध अतिक्रमण, स्कूली वाहनों की जांच और यातायात नियमों के पालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। इसके बाद सीडीओ ने जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट और सड़क सुधार कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ब्लैक स्पॉट पर जल्द पूरे कराएं सुरक्षा के कार्य

सीडीओ पूजा साहू ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, सड़क के गड्ढों की मरम्मत, रिफ्लेक्टर और रोड मार्किंग के कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर कार्य पूरे हो चुके हैं, उनका भौतिक सत्यापन भी कराया जाए।

उन्होंने सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कराकर दृश्यता बढ़ाने तथा प्रमुख चौराहों पर प्रकाश व्यवस्था, संकेतक और चेतावनी बोर्ड दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।

बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वालों पर होगी कार्रवाई

बैठक में सीडीओ ने ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चालान और जुर्माने की कार्रवाई प्रभावी ढंग से की जाए तथा जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए।

स्कूली वाहनों और बसों की नियमित जांच, फिटनेस प्रमाणपत्र और आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों पर होगी कार्रवाई

सीडीओ पूजा साहू ने सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से सामान फैलाकर किए जा रहे अतिक्रमण पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह के अतिक्रमण से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

टोल प्लाजा पर एंबुलेंस और क्रेन की उपलब्धता के निर्देश

बैठक में टोल प्लाजा पर कांटा, क्रेन, कटर और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पुलिस और एनएचएआई को निर्धारित रोस्टर के अनुसार संयुक्त पेट्रोलिंग करने, गलत दिशा से आने वाले वाहनों का चालान करने तथा आबादी वाले क्षेत्रों में ब्लिंकिंग लाइट लगवाने को कहा गया।

सीडीओ ने बस स्टैंड निर्माण की प्रगति, कमरौली क्रॉसिंग के चौड़ीकरण और पोल शिफ्टिंग के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के निर्देश दिए।

29 नवंबर को चालकों के लिए लगेगा नेत्र परीक्षण शिविर

बैठक में एआरटीओ महेश बाबू गुप्ता ने जानकारी दी कि 29 नवंबर को पुलिस लाइन में वाहन चालकों के नेत्र परीक्षण के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य वाहन चालकों की दृष्टि की जांच कर सड़क सुरक्षा को और बेहतर बनाना है।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड रमेश चंद्र, एआरटीओ, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0