अमेठी: खरीफ 2026 के लिए बीज वितरण अब ई लॉटरी से, ऑन लाइन बुकिंग अनिवार्य
अमेठी, अचल वार्ता। जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कृषि विभाग द्वारा खरीफ-2026 सत्र में अनुदान पर वितरित किए जाने वाले समस्त बीजों का वितरण अब ऑनलाइन बुकिंग के बाद ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी किसान भाई विभागीय पोर्टलदर्शन-1(https://agriculture.up.gov.in) पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग प्रक्रिया 16 अप्रैल 2026 से प्रारंभ कर दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन के बाद चयन ई-लॉटरी के जरिए किया जाएगा, जिसके पश्चात बीजों का वितरण किया जाएगा। खरीफ सत्र के तहत राजकीय कृषि बीज भंडारों से सामान्य एवं मिनीकिट बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। सामान्य श्रेणी में धान (08 किग्रा प्रति पैकेट), अरहर (04 किग्रा), उड़द (04 किग्रा), मूंग (04 किग्रा) एवं संकर मक्का (04 किग्रा) शामिल हैं। वहीं मिनीकिट श्रेणी में अरहर, उड़द और मूंग के बीज (प्रत्येक 04 किग्रा प्रति पैकेट) उपलब्ध रहेंगे।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते ऑनलाइन बुकिंग अवश्य करा लें, ताकि ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित होकर उन्हें बीज उपलब्ध हो सके। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने विकास खंडों में स्थित राजकीय कृषि बीज भंडारों से संपर्क कर सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0