गोहाना / सोनीपत , अचल वार्ता । ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत गोहाना के एसडीएम अंकित कुमार ने गांव मोई हुड्डा के शमशान घाट सहित अन्य स्थानों पर पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित रूप से देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
एसडीएम अंकित कुमार ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। ये हमें प्राणवायु प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पेड़-पौधे गर्मी को कम करने, मिट्टी के कटाव को रोकने, वर्षा चक्र को संतुलित रखने तथा जैव विविधता के संरक्षण में भी अहम योगदान देते हैं।
एसडीएम ने कहा कि जिस प्रकार पेड़-पौधे हमारे जीवन को सुरक्षित और स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, उसी प्रकार अंधाधुंध पेड़ों की कटाई से पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पेड़ों की कमी से तापमान में वृद्धि, वायु प्रदूषण, जल संकट और मिट्टी के कटाव जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसलिए पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पौधारोपण करना चाहिए।
एसडीएम ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधे को पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर पौधे लगाएं और उनके संरक्षण का संकल्प लें।
इस अवसर पर गांव मोई हुड्डा के सरपंच पवन कुमार सहित समस्त ग्राम पंचायत मौजूद रही। इसके अलावा वन रजिक अधिकारी जयकिशन, वन खंड अधिकारी हर्ष, विकास शर्मा तथा दीपक नागर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।