अमेठी : सरकारी आवास में संदिग्ध हालात में महिला दरोगा की मौत

अमेठी के मोहनगंज थाने की महिला दरोगा रश्मि यादव की सरकारी आवास में संदिग्ध हालात में मौत। एसपी ने जताई आत्महत्या की आशंका, पुलिस जांच जारी।

Mar 3, 2026 - 09:28
Mar 3, 2026 - 09:38
 0  2
अमेठी :  सरकारी आवास में संदिग्ध हालात में महिला दरोगा की मौत

अमेठी में सरकारी आवास में महिला दरोगा की संदिग्ध मौत, एसपी ने जताई आत्महत्या की आशंका

अमेठी , अचल वार्ता। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मोहनगंज थाने की महिला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अपने सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिलीं। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

 दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया

जानकारी के अनुसार, महिला उपनिरीक्षक का कमरा अंदर से बंद था। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर उनका शव फंदे से लटका मिला। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

2017 बैच की थीं उपनिरीक्षक

लखनऊ जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के मलौली गांव निवासी मुन्नालाल यादव की पुत्री रश्मि यादव का चयन वर्ष 2017 में उपनिरीक्षक पद पर हुआ था। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद वर्ष 2018 में उनकी तैनाती अमेठी जिले में हुई थी।

उन्होंने जगदीशपुर और गौरीगंज समेत कई थानों में सेवाएं दीं। मार्च 2021 में उनका स्थानांतरण मोहनगंज थाने में हुआ, जहां उन्हें महिला हेल्प डेस्क प्रभारी और महिला चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

वार रूम तैयारी में थीं शामिल

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को रश्मि यादव सीओ कार्यालय में अधिकारियों और कर्मियों के साथ वार रूम की तैयारियों में शामिल थीं। दोपहर बाद अपने सरकारी आवास पहुंचने के बाद यह घटना सामने आई।

 जांच जारी, आत्महत्या की आशंका

घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0