बारिश के छींटों पर विवाद, पूर्व डीएफओ की पत्थर मारकर हत्या

Sep 7, 2026 - 14:16
Sep 14, 2026 - 08:09
 0  1
बारिश के छींटों पर विवाद, पूर्व डीएफओ की पत्थर मारकर हत्या

सोनीपत  / गन्नौर , अचल वार्ता । बारिश के पानी के छींटे पड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि पूर्व जिला वन अधिकारी (डीएफओ) जयपाल राठी की जान चली गई। रविवार शाम अगवानपुर रोड पर हुई वारदात में आरोपी ने कथित तौर पर पत्थर से उनके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को राहगीरों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार भोगीपुर निवासी जयपाल राठी रविवार शाम अपनी कार से गन्नौर की तरफ जा रहे थे। बारिश के कारण सड़क पर पानी जमा था। इसी दौरान उनकी कार से सड़क पर पैदल जा रहे रवि नाम के युवक पर पानी के छींटे पड़ गए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रवि ने पत्थर उठाकर जयपाल राठी के सिर पर वार कर दिया। हमला होते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
सूचना मिलते ही गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के बेटे मंजीत की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी रवि के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जयपाल राठी करीब दो वर्ष पहले वन विभाग में डीएफओ के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद वह गन्नौर-पांची रोड स्थित राठी फार्म हाउस और नर्सरी का काम संभाल रहे थे। वह दो बेटों के पिता थे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामूली विवाद के खूनी वारदात में बदलने के कारणों की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0