बाराबंकी: धान क्रय केंद्र के पास बड़ी चोरी, ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत 110 कुंतल धान गायब
रामसनेहीघाट बाराबंकी के भिटरिया प्रथम धान क्रय केंद्र के पास से ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित 110 कुंतल धान चोरी हो गया। किसान को लाखों का नुकसान, पुलिस जांच में जुटी।
रामसनेहीघाट(बाराबंकी),अचलवार्ता। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिलौना मोड़ स्थित भिटरिया प्रथम धान क्रय केंद्र के पास से धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिससे एक किसान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम ढिकुलिहा मजरे धरौली निवासी अंकित पुत्र कमलेश कुमार रविवार की शाम करीब 100 से 110 कुंतल धान ट्रॉली में लादकर सरकारी क्रय केंद्र पर बेचने के लिए पहुंचे थे। क्रय केंद्र पर तौल की व्यवस्था न होने के कारण संबंधित एसएमआई ने किसान को 02 फरवरी 2026 की तारीख दी।
तौल न होने की स्थिति में किसान ने मजबूरीवश धान से भरी ट्रॉली को क्रय केंद्र के बाहर खड़ा कर दिया। इसी दौरान रात के अंधेरे में अज्ञात चोरों ने ट्रैक्टर सहित ट्रॉली और उस पर लदा पूरा धान चोरी कर लिया।
सोमवार सुबह किसान जब क्रय केंद्र पहुंचा तो वहां ट्रैक्टर, ट्रॉली और धान तीनों गायब मिले। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो पीड़ित किसान ने कोतवाली रामसनेहीघाट में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना से इलाके के किसानों में भारी नाराजगी और भय का माहौल है। किसानों का कहना है कि सरकारी धान क्रय केंद्रों के आसपास सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं होने के कारण इस तरह की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से क्रय केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और पुलिस गश्त की व्यवस्था की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- रंजीत यादव
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
1
Wow
0