पीएम पोषण योजना रसोइयों का बढ़ा मानदेय दो लाख तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा
बलरामपुर, अचल वार्ता। प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए पौष्टिक मध्याह्न भोजन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रसोइयों को मानदेय वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान कर उनकी सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा को सुदृढ़ किया गया। यह जानकारी एमएलके पीजी कॉलेज, बलरामपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मिली, जहाँ लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया और माननीय मुख्यमंत्री का संबोधन सुना गया। विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम तथा जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में रसोइयों को प्रतीकात्मक चेक व कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। सरकार के निर्णय के अनुसार पीएम पोषण योजना के रसोइयों का मानदेय मासिक ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 कर दिया गया है और उन्हें अब ₹2 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध होगी। जनपद बलरामपुर में कुल 4,851 रसोइयों को इन सुविधाओं का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में बोलते हुए विधायक सदर पल्टूराम ने कहा कि रसोइयों की मेहनत से बच्चों को रोज़ाना पौष्टिक व गुणवत्तापूर्ण भोजन प्राप्त होता है, जिससे उनके पोषण और पढ़ाई दोनों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। मानदेय वृद्धि व चिकित्सा कवरेज से रसोइयों की आर्थिक स्थिति और स्वास्थ्य सुरक्षा दोनों मज़बूत होंगी। जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन ने कहा कि पीएम पोषण योजना के सुचारू संचालन में रसोइयों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी पात्र रसोइयों तक इन सुविधाओं का लाभ शीघ्रता एवं सुगमता से पहुँचाया जाए। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक पाठक, नगर पालिका प्रतिनिधि डी.पी. सिंह, जनप्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में रसोइयों ने भाग लिया। रसोइयों ने मानदेय वृद्धि व कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा पर खुशी व उत्साह जताया। आयोजन का उद्देश्य रसोइयों के योगदान को सम्मानित करना और उनकी सामाजिक आर्थिक सुरक्षा को सुदृढ़ करना बताया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0