प्रदेश सरकार ने बढ़ाया लाभांश ₹90 से ₹125 प्रति कुंतल ई‑पॉस फीडबैक से उचित दर विक्रेताओं को मिलेगा तेज़ समर्थन

Aug 17, 2026 - 15:47
Aug 17, 2026 - 16:37
 0  2
प्रदेश सरकार ने बढ़ाया लाभांश ₹90 से ₹125 प्रति कुंतल ई‑पॉस फीडबैक से उचित दर विक्रेताओं को मिलेगा तेज़ समर्थन

बलरामपुर ,अचल वार्ता। प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाने तथा उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने आज लोक भवन, लखनऊ से 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को ₹90 प्रति कुंतल से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल करने की घोषणा की और सिंगल‑स्टेज डोर‑स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई‑पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया। जनपद की सभी तहसीलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारीगण व उचित दर विक्रेताओं ने मा० मुख्यमंत्री का वर्चुअल संबोधन सुना। तहसील बलरामपुर सदर में मा० विधायक सदर श्री पलटूराम की उपस्थिति में भी कार्यक्रम संपन्न हुआ तथा बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे। मा० विधायक श्री पलटूराम ने बताया कि लाभांश वृद्धि उचित दर विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उन्हें आय का बेहतर स्रोत मिलेगा और सार्वजनिक वितरण व्यवस्था की कार्यक्षमता में सुधार होगा। उन्होंने यह भी बताया कि अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से विक्रेताओं को सुव्यवस्थित आधारभूत सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं, जिनमें विक्रेताओं को 39 प्रकार की सामग्री की विक्रय सुविधा देकर अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ई‑पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली के माध्यम से विक्रेताओं से सीधे प्रतिक्रिया प्राप्त होगी, जिससे डोर‑स्टेप डिलीवरी से संबंधित समस्याओं की त्वरित पहचान व समाधान संभव होगा तथा आपूर्ति‑वितरण की निगरानी और पारदर्शिता मजबूत होगी। अधिकारियों ने कहा कि इन पहलों से न सिर्फ विक्रेताओं का कल्याण सुनिश्चित होगा बल्कि पात्र राशन कार्डधारकों को भी और अधिक सुगम व जवाबदेह सेवाएँ मिलेंगी। कार्यक्रम में जिला पूर्ति अधिकारी श्री कुमार निर्मलेंदु, मा० जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, उचित दर विक्रेता एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0