सड़क सुरक्षा पर विशेष जागरूकता व प्रवर्तन अभियान, डीएम व एसपी ने किया वीर विनय चौराहे पर जागरूकता अभियान नियम तोड़ने वालों पर चालान
बलरामपुर, अचल वार्ता। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रवर्तन विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार ने वीर विनय चौराहे पर पहुंचकर वाहन चालकों तथा आमजन को सुरक्षित यातायात नियम अपनाने की प्रेरणा दी तथा नियमों के पालन का आवाहन किया। डीएम व एसपी ने दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य हेलमेट पहनने, चारपहिया में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति का पालन करने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल न प्रयोग करने और नशे की स्थिति में वाहन न चलाने का जोरदार संदेश दिया। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि नाबालिगों को वाहन चलाने से रोका जाए और परिवार के प्रत्येक सदस्य को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, सीट बेल्ट न लगाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने सहित विभिन्न उल्लंघनों पर नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई। वाहन चालकों को नियमों के उल्लंघन से स्वयं तथा अन्य लोगों के जीवन पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और यातायात नियम केवल चालान बचने के लिए नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में जागरूकता के साथ-साथ प्रवर्तन की कार्रवाई भी निरंतर जारी रहेगी तथा नियम-उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई होगी। उन्होंने वाहन चालकों से अनुरोध किया कि निर्धारित लेन और गति सीमा का पालन करें तथा एम्बुलेंस व आपातकालीन वाहनों को तुरंत रास्ता दें। जनपद की सभी तहसीलों में संबंधित अधिकारियों द्वारा भी इस अभियान के तहत प्रमुख चौराहों, मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का लक्ष्य सुरक्षित यातायात व्यवहार को जन-आंदोलन बनाकर सड़क दुर्घटनाओं तथा उनसे होने वाली जनहानि को न्यूनतम करना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0