सैकड़ों गांवों की आवाज़ भाथर समपार फाटक पर अंडरपास नहीं फ्लाईओवर चाहिए
पचपेड़वा (बलरामपुर) अचल वार्ता। पचपेड़वा अंतर्गत भाथर समपार फाटक संख्या 97सी पर अंडरपास निर्माण का काम क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों के विरोध में पूरी तरह रुक गया। युवा समाजसेवी हारून रशीद खान के नेतृत्व में आए दर्जनों ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मजदूरों को काम बंद करवा दिया। मौके पर जिला पंचायत सदस्य इरशाद आलम डब्बू, भाजपा नेता भगवान तिवारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य नंदकुमार पांडे, वार्ड सदस्य जूड़ीकुइयाँ सफ्फू अहमद, प्रधान बृजलाल चौधरी, परवेज अहमद, प्रधान इस्माइल, पंचम यादव, शहंशाह, जरार, कलीमुल्ला, किशन सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। मौजूद क्षेत्रवासियों ने बताया कि अंडरपास बनने से क्षेत्रवासियों को भारी कठिनाई होगी क्योंकि यह मार्ग सैकड़ों गांवों का प्रमुख संपर्क मार्ग है और यह नेपाल सीमा तक भी जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले जिन स्थानों पर अंडरपास बने हैं वहाँ बरसात के मौसम में जलभराव के कारण आवागमन लंबे समय तक बाधित रहता है, जिससे स्कूली बच्चे, मरीज, आपातकालीन वाहन और व्यापारिक वाहनों को समस्या होती है। इसके अलावा बड़े कृषि उपकरण, यूरिया-डीएपी जैसे रसायनिक उर्वरक तथा ट्रक-ट्रैक्टर इसी मार्ग से गुज़रते हैं, जिनका आवागमन अंडरपास बनने पर प्रभावित होगा। जिला पंचायत सदस्य इरशाद आलम ने कहा कि समपार फाटक के पास सरयू नहर के पास स्थित होने के कारण जलभराव की चिंताएं और भी बढ़ जाती हैं। इसलिए क्षेत्रवासियों ने अंडरपास की जगह फ्लाईओवर बनवाने की मांग की है जिससे भारी वाहनों का आवागमन निर्बाध जारी रहे और जलभराव के प्रभाव कम हों। युवा समाजसेवी हारून रशीद खान ने बताया कि उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर को तथा सांसद श्रावस्ती राम शिरोमणि वर्मा और पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह (शैलू) को पत्र लिखकर अंडरपास की जगह फ्लाईओवर बनवाने की मांग की है। क्षेत्रवासियों के हस्ताक्षर से भी यह मांग रेल प्रशासन को भेजी गयी है। काम पर नियोजित 13 मजदूरों को काम से रोक दिया गया और वहां कार्य पूरी तरह ठप है। क्षेत्र के लोगों ने आशंका जताई है कि यदि त्वरित समाधान नहीं मिला तो वे आगे भी प्रदर्शन और नारेबाजी कर सकते हैं। मौके पर मौजूद स्थानीय नेताओं ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी और व्यवहारिक समाधान करने की गुहार लगाई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0