अयोध्या: राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर उत्कृष्ट पशुपालक और गौशाला संचालक सम्मानित, CDO राजेश कुमार ने किया सम्मानित
अयोध्या के विकास भवन में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर पशुपालन विभाग ने कार्यक्रम आयोजित किया। CDO राजेश कुमार ने उत्कृष्ट पशुपालकों और गौशाला संचालकों को प्रशस्ति-पत्र, शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
अयोध्या, अचल वार्ता। श्वेत क्रांति के जनक और 'मिल्क मैन ऑफ इंडिया' पद्म विभूषण डॉ. वर्गीज कुरियन के जन्मदिवस यानी राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार, अयोध्या में पशुपालन विभाग की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालकों और गौशाला संचालकों को प्रशस्ति-पत्र, शॉल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन के महत्व को बढ़ावा देना, ग्रामीण आजीविका को मजबूत करना और पशुपालन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन करना रहा।
श्वेत क्रांति में डॉ. वर्गीज कुरियन के योगदान को किया याद
कार्यक्रम में अपर निदेशक ग्रेड-2 डॉ. अरविंद कुमार वैश्य ने पद्म विभूषण डॉ. वर्गीज कुरियन के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. कुरियन के नेतृत्व में शुरू हुई श्वेत क्रांति और डेयरी सहकारी आंदोलन ने भारत को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने बताया कि भारत वैश्विक दुग्ध उत्पादन में 24 प्रतिशत से अधिक योगदान के साथ दुनिया का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश बन चुका है। देश में कुल दुग्ध उत्पादन बढ़कर 247.87 मिलियन टन तक पहुंच गया है।
उन्होंने दूध को संपूर्ण आहार बताते हुए इसके पोषण संबंधी लाभों की जानकारी दी। कहा कि दूध में उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन, कैल्शियम, मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शारीरिक विकास और हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश देश के कुल दुग्ध उत्पादन में 15.66 प्रतिशत योगदान के साथ शीर्ष स्थान पर है। डेयरी क्षेत्र में महिलाओं की भी महत्वपूर्ण भागीदारी है।
CDO ने पशुपालकों से किया सीधा संवाद
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार का उत्कृष्ट गौशाला संचालकों और प्रगतिशील पशुपालकों से सीधा संवाद रहा। उन्होंने पशुपालकों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनके अनुभव सुने तथा पशुपालन और गौशाला संचालन के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं एवं सफलताओं पर चर्चा की।
इसके बाद जनपद में गौ संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले गौशाला संचालकों तथा दुग्ध उत्पादन एवं पशुपालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रगतिशील पशुपालकों को सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी एवं अन्य अतिथियों ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट किए।
आधुनिक डेयरी फार्मिंग से जुड़ें युवा: CDO
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि पशुपालक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की असली ताकत हैं। उनके परिश्रम से दुग्ध उत्पादन और ग्रामीण आजीविका को नई मजबूती मिल रही है। उन्होंने दूध के पोषण संबंधी महत्व और स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से आधुनिक डेयरी फार्मिंग को अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रदेव ने पशुपालकों को पशुओं के संतुलित आहार, समय पर टीकाकरण, 'पशु आधार' यानी भारत पशुधन डेटाबेस और पशु स्वास्थ्य प्रबंधन से जुड़ी तकनीकी जानकारियां दीं।
कार्यक्रम में जनपद के समस्त पशु चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुपालक और गौशाला संचालक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विवेक शुक्ल ने किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0