बसखारी सी एच सी का फिल्मी ड्रामा: सरकारी चेंबर में जुगाड़ डॉक्टर, प्राइवेट में अल्ट्रासाउंड और स्क्रिप्टेड बयानों का तड़का!

Nov 28, 2026 - 16:36
Nov 29, 2026 - 12:49
 0  179
बसखारी सी एच सी का फिल्मी ड्रामा: सरकारी चेंबर में जुगाड़ डॉक्टर, प्राइवेट में अल्ट्रासाउंड और स्क्रिप्टेड बयानों का तड़का!
Photo AI generate

अम्बेडकरनगर अचल वार्ता— बसखारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) इन दिनों इलाज से ज्यादा अपने सस्पेंस-थ्रिलर वाले बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। वायरल वीडियो और दावों की मानें तो यहां एक ऐसा ताना-बाना बुना गया है, जिसके आगे कई डेली सोप भी फीके पड़ जाएं।

चेंबर में बदली और वायरल पर्चा

मामले की जड़ तब हिलती दिखी जब एक पत्रकार ने कथित तौर पर यह खुलासा किया कि डॉ. पंकज मिश्रा के चेंबर में उनकी जगह कोई अन्य व्यक्ति बैठकर मरीजों का इलाज कर रहा था। बस फिर क्या था—साख बचाने और मामला पलटने की ऐसी पटकथा लिखी गई कि हर कोई हैरान रह गया। दूसरी तरफ, वायरल हो रहे एक पर्चे ने 'सस्ते अल्ट्रासाउंड' वाले दावे की हवा निकाल दी है। जहाँ एक ओर अल्ट्रासाउंड बाहर सस्ते में कराने की बात कही जा रही थी, वहीं सोशल मीडिया पर घूम रहे पर्चे में कथित तौर पर सीधे 'जीवन ज्योति हॉस्पिटल' का नाम लिखा दिख रहा है। चर्चाएं तो यह भी गरम हैं कि इस अस्पताल की कमान डॉ. पंकज मिश्रा की पत्नी के हाथ में है—यानी 'घर की बात है, बाहर क्यों जाए' वाला पूरा इंतजाम!

बयानों की स्क्रिप्ट और मीडिया का 'रोल'

वीडियो में हरैया सतनापुर के एक व्यक्ति रामस्वरूप का बयान भी खूब चर्चा में है। वायरल क्लिप को देखकर यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या बयान से पहले पूरी 'रिहर्सल' कराई गई थी, क्योंकि बयान में जाति सूचक गालियों जैसी कोई बात सामने नहीं आई, जबकि बाहर इसका खूब शोर मचाया गया। आरोप यह भी है कि पोल खुलने के बाद पत्रकार के कामकाज की जगह जाकर कथित तौर पर दबाव और धमकी देने की कोशिश भी हुई। इस पूरे प्रकरण में कुछ मीडियाकर्मियों की भूमिका पर भी उंगलियां उठ रही हैं। लोगों के बीच यह चर्चा आम है कि सच दिखाने के बजाय कहानी को 'पैक' करने की होड़ में पत्रकारिता की मर्यादा कई जगह किनारे रख दी गई।

अब CMO साहब के एक्शन का इंतजार

फिलहाल पूरा मामला सोशल मीडिया की अदालत में चल रहा है, लेकिन असली सवाल वहीं अटका है जहां से शुरुआत हुई थी—मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) साहब इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कब करेंगे? क्या चेंबर की कथित 'जुगाड़ व्यवस्था' और प्राइवेट रेफरल के खेल पर कोई ठोस कार्रवाई होगी, या फिर हमेशा की तरह फाइलों और बयानों के बीच मामला 'रफा-दफा' कर दिया जाएगा?

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0