Uttarakhand Accident: पौड़ी गढ़वाल में खाई में गिरा वाहन, 7 लोगों की मौत और 5 घायल; PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल में वाहन खाई में गिरने से 7 लोगों की मौत और 5 घायल हो गए। PM मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।
उत्तराखंड , अचल वार्ता । पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है।
रिखणीखाल के कलवाड़ी के पास हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल इलाके में कलवाड़ी के पास यह हादसा हुआ। वाहन भांगलवाड़ गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया और गाड़ी सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 5 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आनी बाकी है।
सीएम धामी ने जताया दुख, घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र में हुए इस भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हृदयविदारक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति देने और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश
सीएम धामी ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर बेहतर चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
PM मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये देने का किया ऐलान
पौड़ी गढ़वाल हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से 'एक्स' पर जारी संदेश में कहा गया कि उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के प्रत्येक परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
कुछ दिन पहले भी टिहरी में खाई में गिरी थी यात्री बस, 8 की हुई थी मौत
उत्तराखंड में यह हादसा टिहरी गढ़वाल जिले में हुए एक अन्य दर्दनाक बस हादसे के कुछ ही दिनों बाद हुआ है। उस घटना में हरिद्वार से चमोली, जोशीमठ और बद्रीनाथ की ओर जा रही एक यात्री बस गुलार पुल के पास करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी।
उस हादसे में 8 लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 25 से 26 यात्री घायल हुए थे। लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0