Kashi Tamil Sangamam 5.0: वाराणसी के नमो घाट पर भव्य आगाज, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और सीएम योगी ने किया उद्घाटन
वाराणसी के नमो घाट पर काशी तमिल संगमम 5.0 का शुभारंभ हुआ। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और सीएम योगी ने उद्घाटन किया। जानें 15 दिवसीय आयोजन की थीम और खास बातें।
वाराणसी , अचल वार्ता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में शनिवार को काशी तमिल संगमम 5.0 का भव्य शुभारंभ हुआ। गंगा तट स्थित नमो घाट पर आयोजित उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। 28 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक चलने वाला यह 15 दिवसीय आयोजन काशी और तमिलनाडु की प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और भाषाई विरासत को एक मंच पर लाने का प्रयास है। इस वर्ष संगमम की थीम 'थिरुक्कुरल पयिलोम–थिरुक्कुरल अभ्यास करें' रखी गई है।
उत्तर प्रदेश देश की तीसरी अर्थव्यवस्था बना: उपराष्ट्रपति
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपने पतन से निकलकर विकास की ऊंचाइयों को छू रहा है और देश की तीसरी अर्थव्यवस्था बन चुका है। सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में उत्तर प्रदेश का योगदान नौ प्रतिशत से अधिक है।
उन्होंने कहा कि दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विख्यात काशी के कण-कण में शिव का वास है। तमिलनाडु के लोगों के मन में काशी और बाबा विश्वनाथ के दर्शन को लेकर विशेष श्रद्धा है। सदियों पहले तमिलनाडु से बुनकर काशी आए थे और यहां के व्यापार एवं निर्यात को बढ़ावा दिया था। महाकवि सुब्रमण्यम भारती ने भी अपने जीवन का बड़ा हिस्सा काशी में बिताया था।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत की एकता केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि भावनात्मक और सांस्कृतिक भी है। काशी तमिल संगमम के माध्यम से उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सदियों पुराने संबंधों को और मजबूती मिल रही है।
तमिल संस्कृति भारत का गौरव: सीपी राधाकृष्णन
उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिल संस्कृति को भारत का गौरव बताते हुए हर मंच पर इसकी महत्ता का उद्घोष करते हैं। उन्होंने कहा कि तमिल कवियों की रचनाएं और उनके विचार पूरी मानवता को एकता का संदेश देते हैं।
उन्होंने काशी तमिल संगमम के पिछले संस्करणों का उल्लेख करते हुए बताया कि पहले संस्करण से सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती मिली, दूसरे में आपसी आदान-प्रदान, तीसरे में महर्षि अगस्त्य की ज्ञान परंपरा और चौथे में तमिल भाषा सीखने का अवसर मिला। इस बार पांचवें संस्करण में तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संत तिरुवल्लुवर की रचनाएं केवल साहित्यिक ग्रंथ नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। भारतीय संस्कृति, योग, आयुर्वेद और ज्ञान परंपरा को अपनाते हुए विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ना होगा।
काशी तमिल संगमम सनातन परंपरा का उत्सव: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'हर-हर महादेव' और 'वणक्कम तमिलनाडु, वणक्कम काशी' के उद्घोष के साथ सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम का आयोजन भारत की सनातन परंपरा का उत्सव बन चुका है। संत तिरुवल्लुवर के छंद संपूर्ण मानव सभ्यता को जीवन का संदेश देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्म, अर्थ और काम भारतीय सनातन परंपरा के मूल आधार हैं। तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक हजार शिक्षण संस्थानों को जोड़कर राष्ट्रीय शैक्षिक कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संगम का अर्थ मिलकर एक बड़ी धारा को आगे बढ़ाना है। काशी में गंगा की ज्ञान परंपरा और तमिलनाडु की पवित्र सांस्कृतिक धारा का मिलन भारतीय संस्कृति को और समृद्ध करता है। यह आयोजन 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को साकार करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
काशी में आज भी जीवित है तमिल संस्कृति
सीएम योगी ने काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि 15वीं शताब्दी में पांड्य साम्राज्य की ओर से काशी विश्वनाथ मंदिर के निर्माण में योगदान दिया गया था। आज भी काशी के केदार घाट और हनुमान घाट पर तमिल संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। यहां तमिल समुदाय की परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत जीवंत हैं।
उन्होंने काशी में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, रिंग रोड और देश की पहली अर्बन रोपवे परियोजना जैसी सुविधाओं से शहर की कनेक्टिविटी को नया आयाम मिल रहा है। काशी में ज्ञान, अध्यात्म, कनेक्टिविटी और हेरिटेज के चार प्रमुख स्तंभों पर काम किया जा रहा है, ताकि इसे नई अर्थव्यवस्था का केंद्र बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी और तमिलनाडु की गंगा-कावेरी जैसी सांस्कृतिक धाराएं भारत की एकता और साझा विरासत का प्रतीक हैं। संगमम में शामिल प्रतिनिधियों को काशी के साथ प्रयागराज और अयोध्या के धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर भी मिलेगा।
प्रधानमंत्री की पहल से प्रमुख सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम बना संगमम: प्रहलाद जोशी
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुआ काशी तमिल संगमम आज एक प्रमुख सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम बन चुका है।
उन्होंने काशी और रामेश्वरम के प्राचीन संबंधों का उल्लेख करते हुए आदि शंकराचार्य द्वारा देश की चारों दिशाओं में स्थापित पीठों की परंपरा को भी याद किया। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक एकता और साझा विरासत को मजबूत करने में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष सामू कृष्ण शास्त्री ने भी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वाराणसी और रामेश्वरम के बीच प्राचीन समय से सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। काशी तमिल संगमम इन्हीं संबंधों को और सुदृढ़ करने का प्रयास है।
1,400 प्रतिनिधि सात समूहों में लेंगे हिस्सा
काशी तमिल संगमम 5.0 में तमिलनाडु से लगभग 1,400 प्रतिनिधि सात अलग-अलग समूहों में भाग ले रहे हैं। इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडिया प्रतिनिधि, किसान, कारीगर, पेशेवर, महिलाएं और आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हैं।
इस आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके साथ ही शैक्षणिक संवाद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, साहित्यिक परिचर्चाएं, हस्तशिल्प और हथकरघा प्रदर्शनियां भी आयोजित होंगी।
तिरुक्कुरल की शिक्षाओं पर केंद्रित रहेगा पांचवां संस्करण
इस वर्ष के संगमम की प्रमुख विशेषता संत तिरुवल्लुवर के प्रसिद्ध ग्रंथ तिरुक्कुरल की शिक्षाओं का प्रचार-प्रसार है। इसके लिए बीएचयू में सात समूहों के प्रतिभागियों के लिए विशेष शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। तीन शहरों में 50 शिक्षक तिरुक्कुरल का ज्ञान देंगे।
उपराष्ट्रपति ने कार्यक्रम के दौरान तिरुक्कुरल के अनुवादित ग्रंथ का भी बटन दबाकर लोकार्पण किया। इसका उद्देश्य तिरुक्कुरल में निहित नैतिक मूल्यों, सदाचार और जीवन-दर्शन को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
नमो घाट पर प्रदर्शनी का किया अवलोकन
उद्घाटन समारोह के दौरान अतिथियों ने नमो घाट पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्य अतिथि ने बटन दबाकर काशी तमिल संगमम 5.0 का औपचारिक उद्घाटन किया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, शिक्षा विभाग की सचिव दीप्ति मुखर्जी, बीएचयू के कुलपति अजीत कुमार चतुर्वेदी, आईआईटी मद्रास के निदेशक कामकोटि सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। देशभर के कई शिक्षण संस्थान वर्चुअल माध्यम से भी कार्यक्रम से जुड़े।
काशी विश्वनाथ और कालभैरव मंदिर में किया दर्शन-पूजन
काशी तमिल संगमम 5.0 के उद्घाटन से पहले उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं कालभैरव मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपराष्ट्रपति को अंगवस्त्रम, रुद्राक्ष की माला और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
15 दिनों तक चलने वाला काशी तमिल संगमम 5.0 उत्तर और दक्षिण भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत, भाषा, साहित्य और ज्ञान परंपरा को एक मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यह आयोजन विविधता में एकता और 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को नई मजबूती देने का प्रयास करेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0