अयोध्या: मिल्कीपुर में मतदाता पुनरीक्षण अभियान का मंडलायुक्त राजेश कुमार ने किया निरीक्षण, BLO को दिए सख्त निर्देश
अयोध्या मंडलायुक्त राजेश कुमार ने मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के 10 मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। 18-19 वर्ष के युवाओं और महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने सहित BLO को कई निर्देश दिए।
अयोध्या, अचल वार्ता। आगामी निर्वाचन को लेकर चल रहे विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत अयोध्या मंडल के आयुक्त राजेश कुमार ने 273 मिल्कीपुर (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने मतदेय स्थल संख्या 263, 264, 265, 340, 341, 342, 349, 350, 351 और 352 का निरीक्षण किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर, तहसीलदार मिल्कीपुर, खंड शिक्षा अधिकारी मिल्कीपुर, संबंधित सुपरवाइजर और बीएलओ मौजूद रहे।
घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करें BLO
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने बीएलओ रजिस्टर तथा फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की फीडिंग की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि ग्राम स्तर पर एक समिति गठित की जाए, जिसमें ग्राम प्रधान, उचित दर विक्रेता, क्षेत्रीय लेखपाल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा बहुओं को शामिल किया जाए।
उन्होंने कहा कि गठित समिति बीएलओ के साथ प्रतिदिन घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करे और आवश्यक प्रपत्र भरवाने का कार्य सुनिश्चित करे। इस समिति को तत्काल सक्रिय करने के भी निर्देश दिए गए।
18-19 वर्ष के युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने पर जोर
मंडलायुक्त ने मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, अपात्र नाम हटाने और मतदाता विवरण में संशोधन के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा।
इसके साथ ही महिला मतदाताओं के नाम अधिक से अधिक संख्या में मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया। उन्होंने प्रत्येक मतदेय स्थल पर ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो को निर्धारित मानकों के अनुरूप करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने एज-कोहोर्ट (आयु वर्गवार अनुपात) को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।
त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना सर्वोच्च प्राथमिकता: मंडलायुक्त
निरीक्षण के दौरान आयुक्त राजेश कुमार ने बीएलओ से कहा कि स्वच्छ, त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी विशेष रुचि लेकर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0