हरदोई : भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

Jul 9, 2026 - 18:21
Jul 9, 2026 - 18:30
 0  22
हरदोई : भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

हरदोई, अचल वार्ता। मौसम विभाग, लखनऊ केंद्र द्वारा जारी प्रभाव आधारित पूर्वानुमान के अनुसार हरदोई जनपद में 9 व 10 जुलाई को भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 10 व 11 जुलाई को भारी वर्षा का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपाली भार्गव ने जनपदवासियों से अपील की है कि संभावित खराब मौसम को देखते हुए जान-माल की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज हवा, बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान बड़े पेड़ों, कच्चे मकानों, क्षतिग्रस्त दीवारों, बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और बड़े होर्डिंग्स के पास न जाएं। दुपहिया एवं चारपहिया वाहन बिजली के खंभों के नीचे खड़े न करें। मोबाइल, इन्वर्टर आदि आवश्यक उपकरणों को पहले से चार्ज रखें, पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधें तथा आपात स्थिति में टॉर्च, रेनकोट जैसी आवश्यक सामग्री का उपयोग करें।

किसानों से विशेष रूप से अपील की गई है कि वे फसलों और कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान खेतों में जाने से बचें।

प्रशासन ने बताया कि उत्तर प्रदेश में हाल के दिनों में वज्रपात की कई घटनाएं हुई हैं और हरदोई में भी पूर्व में जनहानि हो चुकी है। इसलिए नागरिकों से 'दामिनी ऐप' डाउनलोड करने की अपील की गई है। यह ऐप लगभग 20 किलोमीटर के दायरे में संभावित आकाशीय बिजली की चेतावनी करीब चार घंटे पहले उपलब्ध कराता है। मौसम संबंधी अन्य अलर्ट प्राप्त करने के लिए 'सचेत ऐप' का भी उपयोग किया जा सकता है।

प्रशासन ने आंधी-तूफान के दौरान टिन की छतों, पेड़ों, मोबाइल टावरों, बिजली के खंभों और क्षतिग्रस्त भवनों से दूर रहने, घर के बाहर रखी भारी वस्तुओं को सुरक्षित बांधने तथा यात्रा के दौरान सुरक्षित स्थान पर रुकने की सलाह दी है। वहीं खुले में धारदार वस्तुएं न रखने और किसी भी स्थिति में पेड़ों के नीचे शरण न लेने की हिदायत दी गई है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, हरदोई ने सभी नागरिकों से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन का सहयोग करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0