हरदोई में औद्योगिक गलियारा परियोजना के द्वितीय चरण को समयबद्ध पूरा कराने के निर्देश

Aug 10, 2026 - 17:25
Aug 10, 2026 - 17:31
 0  1
हरदोई में औद्योगिक गलियारा परियोजना के द्वितीय चरण को समयबद्ध पूरा कराने के निर्देश

हरदोई, अचल वार्ता। जिलाधिकारी अनुनय झा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कक्ष में तहसील सवायजपुर क्षेत्रांतर्गत प्रस्तावित औद्योगिक गलियारा परियोजना के द्वितीय चरण की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में भूमि क्रय से संबंधित समिति ने योजना की प्रगति और भूमि क्रय की वर्तमान स्थिति का विवरण प्रस्तुत किया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करते हुए भूमि क्रय का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए, जिससे परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जा सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों से परिसंपत्तियों का मूल्यांकन प्राप्त करने तथा राजस्व अभिलेखों का नियमानुसार दुरुस्तीकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमतियां भी समय से प्राप्त करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक गलियारा परियोजना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। यह परियोजना जनपद के औद्योगिक विकास को नई गति देने के साथ ही निवेश को आकर्षित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को पूर्ण मनोयोग से कार्य करते हुए परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, उपजिलाधिकारी सवायजपुर अंकित तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0